मंडला जिले के नादिया ग्राम में शुक्रवार को दो बाइक की आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में दोनों बाइक पर सवार पांच युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल मंडला जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जिला अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार, एक बाइक पर सागर, मोहित और नवनीत मंडला की ओर आ रहे थे। ग्राम नादिया के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी टक्कर हो गई, जिस पर बैगाराम और संजय सेन्द्राम सवार थे। आमने-सामने की इस टक्कर में पांचों युवक घायल हो गए। घायलों को डायल 112 की मदद से तुरंत जिला अस्पताल मंडला लाया गया। यहां डॉक्टरों की टीम ने उनका चिकित्सीय परीक्षण कर प्राथमिक उपचार किया। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, सभी घायलों की स्थिति फिलहाल स्थिर बनी हुई है। घायलों में सागर कुशराम (23 वर्ष, निवासी बेलुंगा) की बाईं कॉलर बोन में फ्रैक्चर पाया गया है। नवनीत मरावी (24 वर्ष, निवासी बिंझोरी) के निचले होंठ और ठुड्डी पर कटा हुआ घाव है, जबकि मोहित परते (23 वर्ष, निवासी सुभरिया) को सिर में चोट आई है। इसके अतिरिक्त, बेगाराम परस्ते (25 वर्ष, निवासी गरिया घुघरी) ने दाहिनी जांघ और बाएं कंधे में दर्द की शिकायत की है। संजय सेन्द्राम (65 वर्ष, निवासी गरिया घुघरी) को दाहिनी जांघ में दर्द बताया गया है। अस्पताल में घायलों का उपचार आरएमओ और ऑर्थो स्पेशलिस्ट डॉ. हेमेन्द्र सिंह चौहान, डॉ. प्रवीण उइके (एमडी एनेस्थीसिया), डॉ. दिव्येश पटेल (एमडी मेडिसिन), डॉ. राहुल झारिया और डॉ. हितेश जंघेला की निगरानी में किया गया। नर्सिंग ऑफिसर राकेश सिंह राजपूत और निकिता यादव, वार्डबॉय गंगाराम भारतीया तथा ड्रेसर भुवन पटेल ने भी घायलों की देखभाल में सहयोग किया। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, सभी घायलों को समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराया गया है और उन्हें आवश्यकतानुसार आगे की चिकित्सीय सलाह दी जा रही है। सभी घायल खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। वहीं, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।


