खरगोन के बकावा में चरित्र शंका के चलते एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और 6 माह के बेटे की हत्या कर दी। पुलिस ने शुक्रवार को डबल मर्डर का खुलासा करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। एडिशनल एसपी शकुंतला रूहल ने बताया कि गुरुवार सुबह बेड़िया पुलिस को बकावा में एक बाड़े की टपरी में महिला और बच्चे के शव मिलने की सूचना मिली थी। सूचना पर पहुंची पुलिस की एफएसएल और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट टीम ने मौके का मुआयना किया। महिला के शरीर पर चोट के निशान मिले, जिससे मारपीट की आशंका जताई गई। बच्चे की मौत दम घुटने से होने की संभावना व्यक्त की गई। गोलमोल जवाब दिए, पूछताछ में गुनाह कबूला
मृतका की पहचान 26 वर्षीय चंपाबाई के रूप में हुई। पुलिस ने उसके पति सुनील रायसिंग सोलंकी (निवासी पेमगढ, जिला देवास) से पूछताछ की। शुरुआत में आरोपी ने गोलमोल जवाब दिए, जिससे वह शक के दायरे में आ गया। कड़ी पूछताछ में सुनील ने अपना अपराध कबूल कर लिया। उसने बताया कि चरित्र शंका के चलते उसने डंडे से पीटकर और पेट पर लात मारकर चंपाबाई की हत्या की। बच्चे की मौत के बारे में आरोपी ने बताया कि 6 माह का बेटा रो रहा था, जिसे चुप कराने के लिए उसने उसका मुंह कंबल से ढंक दिया। इससे दम घुटने से बच्चे की भी मौत हो गई। यह परिवार कुछ माह पहले देवास से मजदूरी करने के लिए इस क्षेत्र में आया था।


