कोटा शहर में गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर देशभक्ति और स्वास्थ्य जागरूकता का अनोखा संगम देखने को मिलेगा। 25 जनवरी रविवार सुबह 8 बजे दैनिक भास्कर, चंबल फाउंडेशन कोटा, फन राइडर, टैक्स बार एसोसिएशन और सीए इंस्टिट्यूट के संयुक्त तत्वावधान में विशाल तिरंगा साइकिल मार्च का आयोजन किया जा रहा है। इस साइकिल मार्च में सैकड़ों युवा भाग लेंगे, जो हाथों में तिरंगा लेकर देशप्रेम का संदेश देंगे। शुभम खंडेलवाल, गौरव त्रिपाठी ने बताया कि खास बात यह रहेगी कि कोटा शहर के प्रमुख रनर भी इस आयोजन का हिस्सा बनेंगे। अल्ट्रा रनर, आयरन मैन सहित कई अनुभवी धावक 10 किलोमीटर तक तिरंगा साइकिल यात्रा के साथ-साथ रनिंग करते हुए प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाएंगे। आयोजन का उद्देश्य युवाओं में देशभक्ति की भावना के साथ-साथ स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति जागरूकता फैलाना है। चंबल फाउंडेशन के अध्यक्ष बृजेश शर्मा ने बताया कि तिरंगा साइकिल मार्च में कोटा के युवा बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं और यह आयोजन शहर के लिए प्रेरणादायक संदेश लेकर आएगा।


