मऊगंज जिले के हनुमना में मध्य प्रदेश-उत्तर प्रदेश सीमा पर स्थित आरटीओ चेकपोस्ट पर अवैध वसूली का एक वीडियो सामने आया है। यह वीडियो तीन दिन पुराना बताया जा रहा है। फुटेज में तीन लोग एक ट्रक चालक से जबरन पैसे वसूलते, उसे धमकाते और उसकी गाड़ी में घुसने का प्रयास करते दिख रहे हैं। जब चालक ने पैसे देने से इनकार किया, तो उसे धमकाया गया। 20 लाठी मारने की धमकी वीडियो में चालक यह कहते हुए सुनाई देता है, “तुम मुझे बाहरी समझ रहे हो, इसलिए धमका रहे हो। मारना है तो मारो।” चेकपोस्ट पर मौजूद लोग चालक को “20 लाठी मारने” की धमकी भी देते हैं। इसके बाद दो व्यक्ति ट्रक के केबिन में चढ़ने की कोशिश करते हैं, लेकिन चालक गेट नहीं खोलता। चालक लगातार यह भी कहता रहा कि बॉर्डर बंद है और वह गाड़ी नहीं हटाएगा। चालक पर झूठा आरोप लगाया स्थिति तब और तनावपूर्ण हो गई जब ट्रक पर चढ़े एक व्यक्ति ने देखा कि उसका वीडियो बनाया जा रहा है। इसके बाद उसने चालक पर झूठा आरोप लगाया कि “तुमने मेरी गाड़ी में टक्कर मारी है।” इसी बीच, एक व्यक्ति ने ट्रक की खिड़की से हाथ डालकर जबरन चाबी निकाल ली। वीडियो में दिख रहे लोगों को आरटीओ से जुड़े बताया जा रहा है। विभाग का लेना देना नहीं हनुमना चेक पोस्ट निरीक्षक अशोक शर्मा ने बताया कि गाड़ी को होमगार्ड के जवान ने रोका था। संभवतः चालक का पहले से किसी व्यक्ति से विवाद चला आ रहा था, जो गाड़ी रुकते ही वहां पहुंचकर बहस करने लगा। इसी दौरान चालक ने सड़क पर ही वाहन खड़ा कर दिया, जिससे जाम की स्थिति बन गई। हालात बिगड़ते देख होमगार्ड के जवान ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन लोगों के बीच विवाद हो रहा था, उनसे विभाग का कोई लेना-देना नहीं है। ये भी देखें… चेक पोस्ट बंद हुए तो चेक पॉइंट से वसूली शुरू:आपको एक दलाल का पता नहीं, चेक पॉइंट पर सैकड़ों तैनात रीवा में एमपी-यूपी बॉर्डर स्थित हनुमना इलाके में ट्रक के गेट से दलाल को लटकाकर कई किमी तक ले जाने का वीडियो सामने आने के बाद सोमवार को पूरा दिन प्रशासनिक भ्रम और बयानबाजी में गुजर गया। अफसर सुबह से शाम तक यह तय नहीं कर पाए कि ट्रक से लटकाया गया राजकुमार गुप्ता (51) आखिर किसके लिए वसूली कर रहा था?पूरी खबर पढ़ें


