नाथद्वारा के पास लाल मादड़ी में बस बॉडी निर्माण से जुड़े लघु एवं सूक्ष्म उद्योगों की विभिन्न समस्याओं के समाधान को लेकर एक सम्मेलन का आयोजन किया गया। श्री विश्वकर्मा बस बॉडी बिल्डर्स एसोसिएशन नाथद्वारा व उदयपुर के तत्वावधान में आयोजित सम्मेलन में राजसमंद सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ मुख्य अतिथि रहीं, जबकि विधायक विश्वराज सिंह मेवाड़ ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। सम्मेलन में एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बस बॉडी निर्माण से जुड़े उद्यमियों की समस्याओं को लेकर सांसद एवं विधायक को मांग पत्र सौंपा। इस दौरान बताया कि विश्वकर्मा सुथार समाज पिछले 80 सालों से अधिक समय से राजस्थान में सरकार के नियमों की पूर्ण पालना करते हुए बस बॉडी निर्माण का कार्य कर रहा है। यह उद्योग सूक्ष्म एवं लघु उद्योग की श्रेणी में आता है, जिस पर लाखों लोग प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से निर्भर हैं। पदाधिकारियों ने कहा कि हाल ही में जैसलमेर में हुई बस दुर्घटना के बाद बस बॉडी निर्माण को ही दुर्घटनाओं का कारण बताया जा रहा है, जबकि दुर्घटनाओं के पीछे सड़क की स्थिति, मानवीय भूल और तकनीकी कारण भी जिम्मेदार होते हैं। एफएसएल जांच रिपोर्ट सार्वजनिक हुए बिना कठोर नियम लागू किए जाने से हजारों उद्यमियों व श्रमिकों की आजीविका पर संकट खड़ा हो गया है।


