जिला-परिषद की बैठक में ग्रामीण विकास योजनाओं पर हुई चर्चा:मंत्री पटेल बोले-बजट घोषणाओं की समयबद्ध हो क्रियान्विति, मनरेगा वार्षिक कार्य योजना का किया गया अनुमोदन

जिला परिषद की साधारण सभा की बैठक शुक्रवार को जिला प्रमुख लीला मदेरणा की अध्यक्षता में मारवाड़ इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित हुई। साधारण सभा में महात्मा गांधी नरेगा योजनांतर्गत वर्ष 2026-27 की वार्षिक कार्य योजना का अनुमोदन किया गया और ग्रामीण विकास की विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों पर विचार-विमर्श किया गया।
संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने कहा कि बजट घोषणाओं की समयबद्ध क्रियान्विति सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा जिले के सभी चिकित्सा संस्थानों में नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करें।
पटेल ने आरडीएसएस योजना एवं पीएम कुसुम योजना की प्रगति की व्यापक समीक्षा कर डिस्कॉम के अधिकारियों को विद्युत कनेक्शन से वंचित बसावटों के विद्युतीकरण करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने लूणी क्षेत्र में तालाबों का पानी खारा होने और उसके समाधान के लिए आवश्यक सर्वे करने और फेरीफेरी क्षेत्र में पेयजल परियोजना के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। 33 हजार 509 कार्यों का हुआ अनुमोदन
बैठक में महात्मा गांधी नरेगा योजना की वार्षिक कार्ययोजना 2026-27 के तहत 1.3 करोड़ मानव दिवस सृजित करने के लक्ष्य निर्धारित किया गया है। कार्ययोजना में 757 करोड़ 94 लाख 25 हजार रुपये के 33 हजार 509 कार्यों का अनुमोदन किया गया। साथ ही सार्वजनिक उपयोग के लिए भूमि आवंटन के 11 प्रकरणों पर अनुमोदन किया गया। विभागीय योजनाओं की गई समीक्षा
बैठक में ग्रामीण क्षेत्र में बिजली आपूर्ति, पेयजल व्यवस्था, ग्रामीण क्षेत्र की सड़कों, मौसमी बीमारियों की रोकथाम व स्वास्थ्य, पूर्ववर्ती तीन माह के लिए चालू स्कीमों की भौतिक और वित्तीय प्रगति, ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज, जल ग्रहण विकास एवं भू संरक्षण योजनाओं, रसद विभागीय योजनाओं, ग्रामीण क्षेत्र में शैक्षिक विकास एवं समस्याओं, कृषि विभागीय योजनाओं, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभागीय योजनाओं आदि पर चर्चा करते हुए इनसे संबंधित समस्याओं के समाधान तथा उपलब्धियां हासिल करने के लिए प्रभावी प्रयासों के निर्देश दिए गए। बैठक में श्रम रोजगार, महिला एवं बाल विकास, जोधपुर विकास प्राधिकरण के क्षेत्राधिकार, ग्राम पंचायतों के कार्यों एवं दायित्वों, पशुपालन विभागीय योजनाओं, आदि विभिन्न विषयों पर चर्चा कर महत्त्वपूर्ण निर्देश दिए जाने के साथ ही विभिन्न प्रस्तावों का अनुमोदन किया गया। बैठक में संसदीय कार्य विधि एवं विधिक कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, भोपालगढ़ विधायक गीता बरबड़ सहित जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति प्रधान आदि जनप्रतिनिधिगण, ज़िला कलक्टर गौरव अग्रवाल, ज़िला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीष कुमार मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *