उदयपुर अब पर्यटन के साथ-साथ क्रिकेट के बड़े केंद्र के रूप में उभर रहा है। आईपीएल टीम पंजाब किंग्स अपनी तैयारियों को मजबूत करने के लिए उदयपुर पहुंच चुकी है। शहर के शिकारवाड़ी स्थित वंडर क्रिकेट एकेडमी के मैदान पर शुक्रवार से टीम का प्रैक्टिस कैंप शुरू हुआ। इस कैंप के शुरू होने से स्थानीय खेल प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। यह प्रैक्टिस कैंप आगामी 19 जनवरी तक लगातार चलेगी। इस अभ्यास शिविर में भारतीय क्रिकेट के कई बड़े सितारे शामिल हो रहे हैं। टीम के मुख्य स्पिन गेंदबाज युजवेंद्र चहल, आक्रामक बल्लेबाज शशांक सिंह और उभरते हुए खिलाड़ी सुरेश शेडगे ने मैदान पर उतरकर अभ्यास किया। खिलाड़ियों ने नेट प्रैक्टिस के दौरान घंटों पसीना बहाया और अपनी तकनीक को बेहतर करने पर जोर दिया। टीम के साथ उनका पूरा कोचिंग स्टाफ और सपोर्ट स्टाफ भी उदयपुर आया है, जो खिलाड़ियों की फिटनेस और खेल की बारीकियों पर पूरी नजर रख रहा है। जिला क्रिकेट संघ उदयपुर के सचिव मनोज चौधरी ने बताया कि पंजाब किंग्स जैसी बड़ी आईपीएल टीम का उदयपुर आना शहर के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि यह उदयपुर में क्रिकेट के विकास के लिए एक बहुत ही सकारात्मक कदम है। इससे न केवल शहर की खेल सुविधाओं को पहचान मिलेगी, बल्कि स्थानीय युवा खिलाड़ियों को भी अपने चहेते सितारों को करीब से देखकर बहुत कुछ सीखने का मौका मिलेगा। उदयपुर में शिकारवाड़ी का किक्रेट मैदान अपनी बेहतरीन पिच माहौल के लिए जाना जाता है, जो खिलाड़ियों को एकाग्र होकर प्रेक्टिस करने में मदद कर रहा है। 19 जनवरी तक चलने वाले इस कैंप के दौरान टीम अलग-अलग सत्रों में अपनी रणनीतियों को अंतिम रूप देगी। वही, फैंस अपने पसंदीदा खिलाड़ियों की एक झलक पाने के लिए काफी उत्सुक दिख रहे है और देखने के लिए शिकारबाड़ी मैदान पहुंच रहे है।


