सलूम्बर में 1 फरवरी को विराट हिन्दू सम्मेलन:संतों के सानिध्य में 1001 दीपों से होगी भारत माता की आरती

सलूम्बर नगर की चारभुजा बस्ती में आगामी 1 फरवरी को आयोजित होने वाले विराट हिन्दू सम्मेलन की तैयारियां तेज हो गई हैं। इस आयोजन की रूपरेखा तय करने और सफल क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में बस्ती को 7 गटों में विभाजित किया गया और प्रत्येक गट के लिए संयोजक नियुक्त किए गए। सभी संयोजकों को सम्मेलन को भव्य एवं ऐतिहासिक बनाने के लिए अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं। आयोजन को लेकर बस्तीवासियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। इस विराट हिन्दू सम्मेलन को जैन संत श्री विहर्ष सागर महाराज का मंगल आशीर्वाद प्राप्त होगा। वहीं, पूज्यपाद मेवाड़ पीठाधीश्वर स्वामी सुदर्शनाचार्य का परम सानिध्य भी सम्मेलन की शोभा बढ़ाएगा। सम्मेलन में पेसिफिक विश्वविद्यालय एवं गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति, साथ ही स्वदेशी जागरण मंच के अखिल भारतीय संयोजक भगवती प्रकाश शर्मा का प्रेरणादायी उद्बोधन भी प्राप्त होगा। आयोजन समिति के अध्यक्ष मुकेश मंत्री ने बताया कि सम्मेलन के दौरान विद्यालय के बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त, सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन होगा। सम्मेलन का एक प्रमुख आकर्षण 1001 दीपों से भारत माता की भव्य आरती होगी। संयोजक महेश चन्द्र आमेटा ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विभिन्न टोलियां गठित की हैं। इन टोलियों को प्रचार-प्रसार, व्यवस्था, स्वागत एवं अनुशासन जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। आयोजन समिति का दावा है कि यह विराट हिन्दू सम्मेलन सलूम्बर नगर के इतिहास में एकता, संस्कृति और सनातन चेतना का भव्य संदेश देगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *