नौगांव में स्वागत द्वार गिरा, मजदूर की मौत:सीएमओ-उपयंत्री निलंबित, ठेकेदार पर FIR; श्रम विभाग ने मजदूरों के बयान लिए

छतरपुर जिले के नौगांव में धौर्रा रोड पर निर्माणाधीन स्वागत द्वार गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना शुक्रवार को हुई, जिसमें 26 वर्षीय राममिलन बुनकर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की। कलेक्टर पार्थ जैसवाल ने एक जांच दल गठित किया था। जांच रिपोर्ट के आधार पर नगर पालिका नौगांव के सीएमओ आर.एस. अवस्थी और इलेक्ट्रिकल उपयंत्री गगन सूर्यवंशी को लापरवाही का दोषी पाया गया। पर्याप्त नियंत्रण और निगरानी के अभाव के कारण हुई इस घटना के लिए दोनों अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इसके अतिरिक्त, ठेकेदार प्रो. रमेश विश्वकर्मा (पिता नाथूराम विश्वकर्मा, निवासी वार्ड क्रमांक 14, नौगांव) के खिलाफ नौगांव थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। मौके पर पहुंच मजदूरों के बयान लिए
निर्माण कार्य की गुणवत्ता, सुरक्षा इंतजामों और नियमों के पालन की जांच अभी जारी है। श्रम विभाग की स्वास्थ्य एवं सुरक्षा टीम ने भी घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया। सागर संभाग की सहायक संचालक माधुरी वर्मा और प्रशिक्षु सहायक संचालक मेघा चंदेल शुक्रवार दोपहर नौगांव पहुंचीं। टीम ने नगर पालिका के उपयंत्री आलोक जायसवाल के साथ दुर्घटनास्थल का दौरा किया, निर्माण संबंधी दस्तावेज मांगे और घायल मजदूरों के घर (चंदौरा, धौर्रा आदि) जाकर उनके बयान दर्ज किए। टीम ने इस संबंध में पंचनामा भी तैयार किया है। सहायक संचालक माधुरी वर्मा ने बताया मामले की जांच जारी है। मौके का निरीक्षण किया गया, मजदूरों के बयान दर्ज किए गए हैं। नगर पालिका से दस्तावेज एकत्र करने के बाद विभागीय स्तर पर अन्य पहलुओं की भी जांच चल रही है। 10 से 15 दिन में जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी। यह घटना नगर में चर्चा का विषय बनी हुई है। आमजन में निर्माण में हुई लापरवाही और जानमाल की क्षति को लेकर गुस्सा है। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि जांच निष्पक्ष रूप से की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *