पंजाब के मोहाली स्थित खरड़ में एक 20 वर्षीय युवक ने आत्महत्या कर ली। युवक ने पंखे के हुक से कपड़ा बांधकर फंदा लगाया। उसका शव सबसे पहले उसके साथी ने देखा, जो दिल्ली से लौटकर आया था। उसने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और मृतक के परिवार को दी। मृतक की पहचान अरबाज के रूप में हुई है, जो देहरादून के सोमनाथ नगर, आईटी पार्क का रहने वाला था। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मरने से पहले खून से लिखा संदेश जानकारी के अनुसार, मृतक अरबाज ने आत्महत्या करने से पहले अपने खून से कमरे में एक संदेश लिखा था। उसने उर्दू भाषा में अल्लाह से अपनी मौत और उसके बाद सुकून मिलने की बात लिखी थी। बताया जा रहा है कि उसने अपनी उंगली काटकर कमरे के फर्श पर यह संदेश लिखा। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मौके पर वीडियोग्राफी करवाई और फोरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस अब इस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। सैलून का सीख रहा था काम मृतक के पिता जुल्फकार अहमद ने बताया कि अरबाज पिछले कई वर्षों से हैदराबाद में अपने मामा के घर रह रहा था। जहां किसी विवाद को लेकर उस पर समझौते का दबाव बनाया जा रहा था। इसी वजह से वह मानसिक रूप से परेशान था। उन्होंने अरबाज को काम करने के लिए मोहाली भेज दिया था।अरबाज चार- पांच महीने पहले मोहाली आया था और वह खरड़ स्थित गिलको वैली में एक सैलून में काम सीख रहा था। पुलिस हर एंगल पर कर रही जांच डीएसपी खरड़-1 करण संधू ने बताया कि मामला पुलिस के संज्ञान में है और हर पहलू से जांच की जा रही है। यदि किसी व्यक्ति की भूमिका इस मामले में पाई जाती है तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।


