बाइक सवार युवक की ट्रेलर से टक्कर में मौत:महावीरगंज में हादसा, पत्नी के इलाज के लिए पैसों का इंतजाम करने रामानुजगंज जा रहा ​था

रामानुजगंज के महावीरगंज में एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक सुरेश सिंह (48) की मौके पर ही मौत हो गई। उनकी बाइक को विपरीत दिशा से आ रहे एक ट्रेलर ने टक्कर मार दी। मृतक की पहचान ग्राम महावीरगंज निवासी सुरेश सिंह के रूप में हुई है। वह अपनी बीमार पत्नी के इलाज के लिए पैसों का इंतजाम करने रामानुजगंज जा रहे थे। बताया गया है कि सुरेश सिंह की पत्नी की तबीयत गंभीर रूप से खराब थी और उन्हें उसी रात इलाज के लिए बनारस (वाराणसी) ले जाने की तैयारी थी। इसी उद्देश्य से सुरेश सिंह रामानुजगंज जा रहे थे। हादसे के बाद भड़के ग्रामीण घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। हादसे को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश देखा गया। सूचना मिलने पर रामानुजगंज थाना प्रभारी अजय साहू पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विजयनगर थाना में मर्ग कायम कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। इस हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक का माहौल पसरा हुआ है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *