भिलाई के रिसाली में चाकूबाजी, एक आरोपी गिरफ्तार:हत्या के प्रयास में हमला, दूसरा आरोपी फरार, घायल युवक की हालत गंभीर

भिलाई के रिसाली क्षेत्र में गुरुवार रात हुई चाकूबाजी की घटना में नेवई पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह हमला हत्या के प्रयास की नीयत से किया गया था, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मामले का दूसरा आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। प्रार्थी की रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना 15 जनवरी 2026 की रात करीब 9:30 बजे रिसाली के बड़ा रावण मैदान में हुई। प्रार्थी अपने दोस्त अमनदीप और अमन जैन के साथ अमनदीप की मोटरसाइकिल लेने वहां गया था। मैदान के पीछे गेट के पास वे खड़े थे, तभी राहुल सिंह और अंश सिंह मौके पर पहुंचे। बताया गया कि अंश सिंह ने अमन जैन के सिर पर शराब के गिलास से शराब डाल दी। अमन जैन ने जब इसका विरोध किया, तो दोनों आरोपी आक्रोशित हो गए और उन्होंने चाकू निकाल लिया। आरोपी ने पेट में चाकू मारने का प्रयास किया रिपोर्ट के मुताबिक, अंश सिंह ने अमन जैन के पेट में चाकू मारने का प्रयास किया। अमन जैन ने खुद को बचाने के लिए शरीर मोड़ा, जिससे चाकू उसकी पीठ में जा लगा। इस दौरान बीच-बचाव की कोशिश भी की गई, लेकिन आरोपी मौके से फरार हो गए। हमले में अमन जैन की पीठ में दो गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें जानलेवा बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही नेवई थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। प्रकरण में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने प्रार्थी और गवाहों के बयान दर्ज किए, घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। गिरफ्तार आरोपी के पास से चाकू भी जब्त किया गया है। आरोपी गिरफ्तार, चाकू जब्त जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी अंश सिंह पिता विनय सिंह, निवासी क्वार्टर नंबर 1/बी, सेक्टर भिलाई, जिला दुर्ग को 16 जनवरी 2026 को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया लोहे का धारदार चाकू भी बरामद कर जब्त किया गया है। पुलिस के अनुसार, दूसरे आरोपी राहुल सिंह की तलाश लगातार जारी है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इलाके में सुरक्षा को लेकर सतर्कता घटना के बाद से क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। थाना प्रभारी अनिल कुमार साहू का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *