छत्तीसगढ़-मध्य प्रदेश बॉर्डर पर गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में पत्रकार पर 3 क्रेशर कारोबारियों ने हमला कर दिया। आरोपियों ने पत्रकार की कार रोक कर गाली-गलौज की, फिर जान से मारने की धमकी दी। गाड़ी से उतरने के लिए कहा। पत्रकार कार से बाहर नहीं निकला तो लोहे की रॉड से शीशा तोड़ दिया। पत्रकार के चेहरे और माथे पर चोटें आईं। घायल हालत में पत्रकार ने कार आगे बढ़ाई, जो खेत में चली गई। इस दौरान कार का एक दरवाजा खुल गया। आरोपियों ने पत्रकार के साथी को पकड़ लिया। पत्रकार ने कार तेजी से आगे बढ़ाई और किसी तरह नजदीकी थाने पहुंचा। आरोपियों ने पत्रकार के साथी को रॉड से पीटा। किसी तरह भागकर उसने अपनी जान बचाई। पत्रकार अवैध खनन से जुड़ी रिपोर्टिंग करने गए थे। दूसरी ओर क्रेशर व्यवसायी ने पत्रकार और उसके साथी पर उनसे पैसे मांगने का आरोप लगाया है। फिलहाल, दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत की है। दोनों पक्षों की शिकायत पर पुलिस ने अलग-अलग FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला गौरेला थाना क्षेत्र का है। इस घटना का वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि एक कार को 3 लोग रास्ते में रोक लेते हैं। कार में बैठा शख्स उसे आगे की बात कह रहा है, लेकिन इसी दौरान 3 लोगों में एक व्यक्ति रॉड से कार की शीशे पर हमला करता है। जानकारी के मुताबिक आरोपियों का क्रेशर प्लांट सीमा से लगे एमपी के अनूपपुर जिले में संचालित है। पहले देखिए ये तस्वीरें- अब जानिए क्या है पूरा मामला पेंड्रा के सुशांत गौतम (33) पेशे से पत्रकार हैं। वे 8 जनवरी 2026 को अमरकंटक और मैकल पर्वत क्षेत्र से अवैध खनन और क्रेशर संचालन की कवरेज के लिए गए थे। उनके साथ सहयोगी रितेश गुप्ता भी थे। शाम को रिपोर्टिंग के बाद जब वो लौट रहे थे। जैसे ही धनौली गांव पहुंचे तो वहां कुछ लोगों ने सामने से एक सफेद कार, साइड में एक हाइवा और पीछे से एक फोर व्हीलर लगाकर उनका रास्ता पूरी तरह बंद कर दिया। इसके बाद जय प्रकाश शिवसदानी उर्फ जेठू, सुधीर बाली और लल्लन तिवारी अपने ड्राइवर और कुछ अज्ञात लोगों के साथ वहां आए गाली-गलौज करने लगे। उन्होंने जान से मारने की धमकी दी और जबरन गाड़ी से उतरने के लिए दबाव बनाया। लल्लन तिवारी ने लोहे की रॉड से तोड़ा शीशा सुशांत और उनके साथी रितेश गाड़ी के अंदर से लगातार ‘ऐसा मत करो’ चिल्लाते रहे और मोबाइल से वीडियो रिकॉर्डिंग भी कर रहे थे। इसी दौरान एक लल्लन तिवारी ने लोहे की रॉड से कार के ड्राइवर साइड का कांच तोड़ दिया। इस हमले में सुशांत के चेहरे और माथे पर चोटें आईं। घायल हालत में पत्रकार ने कार आगे बढ़ाई, जो खेत में चली गई। इस दौरान कार का एक दरवाजा खुल गया। आरोपियों ने पत्रकार के साथी को पकड़ लिया। इस दौरान पत्रकार ने कार की तेजी से आगे बढ़ाई और किसी तरह नजदीकी थाने पहुंचा। सहयोगी को पकड़कर रॉड से पीटा आरोपियों ने पत्रकार के सहयोगी रितेश का मोबाइल फोन छीन लिया और बंद कर दिया गया। उसे रॉड से पीटा गया। किसी तरह भाग कर रितेश पास के गांव पहुंचा। जहां ग्रामीणों ने रितेश को गौरेला थाने पहुंचाया पीड़ित के अनुसार, अवैध खनन और क्रेशर गतिविधियों की रिपोर्टिंग को रोकने और खबर दबाने के उद्देश्य से यह हमला किया गया। घटना से जुड़े वीडियो, फोटो और मेडिकल रिपोर्ट पुलिस को सौंपने की बात कही गई है। व्यवसायी ने पत्रकार पर लगाए पैसे मांगने के आरोप दूसरी ओर, इसी घटना को लेकर गौरेला निवासी क्रेशर व्यवसायी जय प्रकाश शिवदासानी ने भी सुशांत गौतम के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश के ग्राम पमरा में उनका क्रेशर व्यवसाय संचालित है। पेंड्रा निवासी सुशांत गौतम और रितेश गुप्ता खुद को पत्रकार बताकर उनसे लगातार पैसे की मांग कर रहे थे। शिकायत के अनुसार, 25 दिसंबर 2025 को सुशांत गौतम ने क्रेशर कारोबार से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया और इसके बाद एक लाख रुपए की मांग की। दबाव बनाकर 10 हजार रुपए जबरन ले लिए गए। इसके बाद भी लगातार पैसे मांगने का आरोप लगाया गया है। 8 जनवरी 2026 की शाम दोनों आरोपी क्रेशर परिसर पहुंचे और फोटो-वीडियो बनाने लगे। उसी दिन धनौली के पास दोनों पक्षों के बीच आमना-सामना हुआ। जय प्रकाश शिवदासानी का आरोप है कि इस दौरान उनसे 80 हजार रुपए की मांग की गई और पैसे नहीं देने पर मीडिया में खबर चलाने और प्रशासनिक कार्रवाई की धमकी दी गई। इसी दौरान गाली-गलौज हुई और आरोप है कि कार से कुचलकर जान से मारने की कोशिश की गई। इस घटना में जय प्रकाश को सिर, पसली, पीठ और कमर में गंभीर चोटें आईं। उन्हें सेनेटोरियम अस्पताल में भर्ती कराया गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत की एसपी मनोज खेलारी ने दैनिक भास्कर डिजिटल को बताया कि पहले पत्रकार ने क्रेशर व्यवसायी के खिलाफ धमकी देने और जानलेवा हमला करने की शिकायत दर्ज कराई है। वहीं दूसरे पक्ष ने भी पत्रकार के खिलाफ ब्लैकमेलिंग का आरोप लगाया है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों पर अलग-अलग अपराध दर्ज कर लिए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। ………………………….. इससे जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… 01. पहाड़ गायब कर रहे माफिया: ये करंगरा घाटी की पहाड़ी मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ की तय करती है सीमा… छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही और मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले की सीमा पर मैकल पर्वत श्रृंखला के पहाड़ काटे जा रहे हैं। करंगरा घाटी से लगे गांव पौरा में खनन माफिया पहाड़ों में ब्लास्टिंग कर रहे हैं। बड़ी-बड़ी मशीनें उतारकर पत्थर निकाल रहे हैं, जिससे पहाड़ की गायब हो रहा है। पढ़ें पूरी खबर 02. बस्तर के पत्रकार मुकेश चंद्राकर की हत्या:सेप्टिक टैंक में मिली लाश, भ्रष्टाचार की खबर को लेकर ठेकेदार से हुआ था विवाद छत्तीसगढ़ के बीजापुर के पत्रकार मुकेश चंद्राकर की हत्या कर दी गई है। उनकी लाश सेप्टिक टैंक में छिपाई गई थी। मुकेश चंद्राकर एक जनवरी की शाम से लापता था। इसकी शिकायत परिजनों ने बीजापुर पुलिस से की थी। इस शिकायत के बाद मुकेश चंद्राकर की लगातार तलाश की जा रही थी। पढ़ें पूरी खबर 03.रेत खदान में पत्रकारों को पीटा, फायरिंग की:राजिम में माफिया के गुर्गों ने सिर पर रॉड से हमला किया, गाड़ी तोड़ी, कैमरा-ID छीने छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में अवैध रेत खनन की खबर बनाने गए पत्रकारों को रेत माफिया ने दौड़ा-दौड़ाकर पीटा है। 2 बार हवाई फायरिंग की। माफिया के गुर्गों ने पहले पत्रकारों से बहस की, फिर कैमरा और आईडी कार्ड छीना। मामला राजिम थाना क्षेत्र के पैरी नदी के पितईबंद रेत घाट का है। पढ़ें पूरी खबर…


