लड़की भगाई तो नग्न कर डेढ़ किमी तक घुमाया:जेल से छूटने के बाद मां का इलाज कराने उज्जैन आया था पीड़ित, तभी पकड़ लिया

उज्जैन में लड़की भगाने पर 16 वर्षीय लड़के को न केवल बेरहमी से पीटा गया, बल्कि उसे नंगा कर रस्सी से बांध दिया गया। फिर बाजार में करीब डेढ़ किलोमीटर तक घुमाया गया। घटना 15 जनवरी (गुरुवार) की है। इस अमानवीय कृत्य का वीडियो सामने आने के बाद पंवासा पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। यह पूरी घटना प्रेम प्रसंग से जुड़ी बताई जा रही है। आरोपी पक्ष को शक था कि नाबालिग लड़का उनके परिवार की एक लड़की को भगा ले गया है। इसी बात का बदला लेने के लिए भीड़ ने कानून को अपने हाथ में ले लिया। नाबालिग को पकड़कर पहले एक जगह बंधक बनाया गया और फिर सरेआम उसके कपड़े उतारकर उसे अपमानित किया गया। लोग मूकदर्शक बन मोबाइल से वीडियो बनाते रहे
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह नाबालिग को रस्सी से बांधकर सड़क पर घसीटा जा रहा है। इस दौरान सड़क पर सैकड़ों लोग मौजूद थे, लेकिन किसी ने भी आगे बढ़कर उसे बचाने की कोशिश नहीं की। लोग मूकदर्शक बनकर तमाशा देखते रहे और मोबाइल से वीडियो बनाते रहे। मां के साथ पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचा
पंवासा क्षेत्र में रहने वाला पीड़ित लड़का शुक्रवार काे अपनी मां के साथ पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचा। उसने बताया कि शुक्रवार दोपहर लड़की के परिजनों ने उसे पकड़ लिया और पहले जमकर मारपीट की। इसके बाद उसके कपड़े फाड़ दिए। जब इससे भी मन नहीं भरा तो उसके हाथ रस्सी से बांधकर करीब डेढ़ किलोमीटर तक निर्वस्त्र अवस्था में शहर में घुमाया गया। 3 महीने पहले लड़की भगा ले गया था
पीड़ित ने बताया कि वह शंकरपुर में रहता था और पास में रहने वाली लड़की से प्रेम करता था। करीब तीन महीने पहले वह लड़की को लेकर घर से भाग गया था, जिसके बाद पंवासा थाने में दोनों को पेश किया गया। यहां से उसे जेल भेज दिया गया, जबकि लड़की को सुधार गृह भेजा गया था। इस दौरान आरोपियों ने उसके घर में तोड़फोड़ भी की थी। मां की तबीयत खराब होने पर पैसे लेने आया था
लड़के ने बताया कि एक महीने बाद जेल से रिहा होने पर वह अपनी अपाहिज मां के साथ मौसी के घर देवास चला गया था। गुरुवार को मां की तबीयत खराब होने पर वह पैसे लेने के लिए उज्जैन आया था। डर के चलते उसने श्री सिंथेटिक्स के पास दोस्त को बुलाया, जहां आरोपियों ने उसे पकड़ लिया। पुलिस वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रही है। पुलिसवालों ने छुड़ाया, आरोपियों को पकड़ा, बाद में छोड़ दिया
पीड़ित के अनुसार, पंवासा थाने के बाहर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे इस हालत में देखा और छुड़ाकर थाने ले गए। उस समय मारपीट करने वाले आरोपियों को भी पुलिस ने पकड़ा था, लेकिन शाम तक सभी को छोड़ दिया गया। पीड़ित ने बताया कि बाद में इस घटना की जानकारी एनएसयूआई कार्यकर्ताओं को लगी, जिसके बाद वे उसे पुलिस कंट्रोल रूम लेकर पहुंचे और कार्रवाई की मांग की। एएसपी बोले- चार आरोपी हिरासत में
एडिशनल एसपी आलोक शर्मा ने बताया कि नाबालिग को निर्वस्त्र कर घुमाने के मामले में थाना पंवासा में चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *