भास्कर न्यूज | सरायकेला पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने जिले के कुल 71 पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों का तबादला किया है। यह फेरबदल विभिन्न थाना, ओपी, पिकेट और शाखाओं में लंबे समय से पदस्थ अधिकारियों के स्थानांतरण के रूप में देखा जा रहा है। इस तबादला सूची में आदित्यपुर थाना, चांडिल थाना, ईचागढ़ थाना, कांड्रा थाना, कपाली ओपी, नीमडीह थाना, गम्हरिया थाना, चौका थाना, आरआईटी थाना, खरसावां थाना, राजनगर थाना, तिरुलडीह थाना, यातायात थाना सहित जिले के कई महत्वपूर्ण पिकेट और शाखाओं में कार्यरत पुलिस पदाधिकारी शामिल हैं। कई अधिकारियों को मैदानी थाना से शाखाओं में, तो कुछ को शाखाओं से थानों में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसमें प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार को नई जिम्मेदारी दी गई है। वहीं अवर निरीक्षक अजय कुमार, सहायक अवर निरीक्षक सुनील कुमार, जमादार रमेश महतो और आरक्षी स्तर के कई कर्मियों का भी स्थानांतरण किया गया है। यातायात थाना और औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े थानों में भी नए अधिकारियों की तैनाती की गई है, जिससे विधि-व्यवस्था और ट्रैफिक प्रबंधन को और सुदृढ़ किया जा सके। पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी आदेश में सभी संबंधित पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने नव पदस्थापन स्थल पर अविलंब योगदान दें और अनुपालन प्रतिवेदन कार्यालय में समर्पित करें। आदेश का अनुपालन सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी संबंधित अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी और थाना प्रभारियों को दी गई है।


