नोवामुंडी| मणिपुर की राजधानी इम्फाल में 14 से 18 जनवरी तक आयोजित 69वीं एसजीएफआई राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में झारखंड की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन कर राज्य का नाम रोशन किया है। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में कोटगढ़ गांव की बेटी संतोषी राय ने अंडर-19 बालिका वर्ग में कांस्य पदक जीतकर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। संतोषी राय वर्तमान में कुमारडुंगी आवासीय तीरंदाजी प्रशिक्षण केंद्र में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही है। वह कोच गंगाधर नाग के कुशल मार्गदर्शन में अभ्यासरत है। उसकी इस सफलता से कोटगढ़ गांव में खुशी का माहौल है और गांववासियों में गर्व की भावना देखी जा रही है। इस अवसर पर जिला खेल पदाधिकारी मार्कस हेंब्रम, जिला खेल समन्वयक चंदन राणा, कोटगढ़ के समाजसेवी रामचंद्र तिरिया सहित कई गणमान्य लोगों ने संतोषी राय समेत सभी बालिकाओं को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उल्लेखनीय है कि संतोषी राय कोटगढ़ गांव के किसान कामदेव राय की पुत्री हैं। उन्हें कुमारडुंगी आवासीय तीरंदाजी प्रशिक्षण केंद्र में दाखिला दिलाने में समाजसेवी रामचंद्र तिरिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। झारखंड टीम की संपूर्ण देखरेख भी कोच गंगाधर नाग द्वारा की जा रही है। प्रतियोगिता में संतोषी के अलावा झारखंड की तीन अन्य बालिकाओं ने रजत पदक भी अपने नाम किए हैं। झारखंड राज्य से कुल 24 बालिकाएं इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने मणिपुर गई थीं। इंडियन राउंड अंडर-19 बालिका वर्ग (40 मीटर दूरी) में पदक जीतने वाली बालिकाओं में नोवामुंडी की संतोषी राय, रांची की लवली कुमार व सुचिता कुमारी और जमशेदपुर की प्रिया महली शामिल हैं।


