भास्कर न्यूज | सरायकेला समाहरणालय भवन स्थित कार्यालय कक्ष में शुक्रवार को उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह के अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों और नगर क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी-अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए, जिनकी उपायुक्त द्वारा क्रमवार सुनवाई की गई। जनता दरबार में उठाए गए प्रमुख मामलों में सरायकेला नगर पंचायत क्षेत्र अंतर्गत गुट्टूसाई तालाब के ऊपर से गुजर रहे 33 हजार वोल्ट के विद्युत तार को हटाने अथवा जन-धन की सुरक्षा को देखते हुए आवश्यक सुरक्षा गार्ड व मानकों का अनुपालन सुनिश्चित कराने की मांग प्रमुख रही। इसके अलावा, जिला परिषद द्वारा कम भूमि क्षेत्र में हेंसाहुड़ी में प्रस्तावित बस स्टैंड निर्माण को लेकर नगरवासियों द्वारा दर्ज आपत्ति के आलोक में संबंधित कार्य पर रोक लगाने का मामला भी रखा गया। वहीं, बड़ा गम्हरिया एवं आदित्यपुर वार्ड संख्या–6 व 7 में कुम्हार और वैष्णव जाति को अनुसूचित जाति सूची में सम्मिलित किए जाने में हुई त्रुटि के सुधार, आयुष्मान भारत कार्ड निर्गत करने सहित विभिन्न विभागों से जुड़े कई अन्य आवेदन भी जनता दरबार में प्रस्तुत किए गए। उपायुक्त ने संबंधित विभागीय, अंचल एवं नगर निकाय स्तर के पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता दरबार में प्राप्त सभी मामलों की नियमों के अनुरूप त्वरित जांच कर समयबद्ध, पारदर्शी और निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।


