राष्ट्रपति के गुजरने से 45 मिनट पहले 8 चौकों पर बेरिकेडिंग, डेढ़ किमी तक जाम

भास्कर न्यूज | अमृतसर वीवीआईपी मूवमेंट के चलते शहर के प्रमुख मार्गों पर आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। शुक्रवार सुबह धुंध के कारण जालंधर न जा पाने के कारण राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दोपहर 12.45 बजे दोबारा एयरपोर्ट के लिए निकलीं। मगर पुलिस ने दोपहर 12 बजे ही 8 चौराहों पर बेरिकेडिंग कर दी। इस कारण मॉल रोड, भंडारी पुल, कचहरी चौक और अजनाला रोड से एयरपोर्ट जाने वाला मार्ग जाम हो गया। सबसे ज्यादा परेशानी मॉल रोड और अजनाला रोड पर देखने को मिली। पुलिस ने राष्ट्रपति के मेन रोड से गुजरने के दौरान आम लोगों के लिए सर्विस लेन भी बंद रखी। करीब डेढ़ किलोमीटर तक जाम लग गया। ^वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान प्रोटोकॉल के तहत कुछ समय के लिए रास्ते बंद किए जाते हैं। हर चौराहे पर पुलिस मुलाजिम तैनात थे और समय-समय पर ट्रैफिक निकाला जा रहा था। यदि कहीं लापरवाही हुई है तो इसकी जांच कराई जाएगी। -अमनदीप कौर, एडीसीपी ट्रैफिक जाम के कारण वाहन चालकों काफी दिक्क्तों का सामना करना पड़ा। जाम में फंसे लोगों का कहना था कि राष्ट्रपति के काफिले के लिए ट्रैफिक रोका जाना चाहिए मगर 45 मिनट पहले ही रोक देना सही नहीं है। काफिला गुरजने से 5 या 10 मिनट पहले ट्रैफिक रोकते तो शायद वाहन चालकों को इतनी परेशानी न होती। जाम में एक एंबुलेंस भी फंसी रही जिसे निकालने में पुलिस ने कोई मदद नहीं की। सर्विस लेन तक बंद कर दी गई। मरीज के रिश्तेदार का कहना था कि बाइक सवार की मदद से मरीज को अस्पताल पहुंचाया गया। अगर समय पर मदद न मिलती तो जान जा सकती थी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *