भैंस चराने गए बुजुर्ग की गला रेतकर हत्या, खून से सनी कुल्हाड़ी बरामद

भास्कर न्यूज | रामचंद्रपुर बलरामपुर जिले अंतर्गत रामचंद्रपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कलिकापुर में एक 65 वर्षीय बुजुर्ग देवशरण यादव उर्फ लुखुर यादव की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। बुजुर्ग का शव घर से करीब दो किमी दूर जंगल में मिलने से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।जानकारी के मुताबिक, कलिकापुर निवासी देवशरण यादव गुरुवार सुबह करीब 11 बजे अपनी भैंसों को चराने के लिए जंगल की ओर निकले थे। शाम ढलने पर जब भैंसें तो वापस लौट आईं लेकिन देवशरण घर नहीं पहुंचे, तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। ग्रामीणों और परिजनों ने रात में तलाश शुरू की, जिसके बाद रात करीब 8 बजे कुरशा नदी के पास टेढ़वा नामक स्थान पर उनका शव बरामद हुआ। पुलिस को घटनास्थल से महज 20 मीटर की दूरी पर एक खून से सनी कुल्हाड़ी और कुछ चावल बरामद हुए हैं। पुलिस की जांच में एक चौंकाने वाली बात सामने आई है कि घटनास्थल पर संघर्ष (हाथापाई) के कोई निशान नहीं मिले हैं। इससे यह अंदेशा जताया जा रहा है कि हत्यारा कोई परिचित ही हो सकता है, जिस पर बुजुर्ग ने भरोसा किया होगा। फिलहाल पुलिस पुरानी रंजिश या आपसी विवाद, जमीन से जुड़ा कोई मामला व तंत्र-मंत्र या अंधविश्वास का एंगल से जांच कर रही। देवशरण यादव ही अपने परिवार के मुख्य भरण-पोषण करने वाले सदस्य थे। मामले में रामचंद्रपुर थाना प्रभारी मनोज नवरंगे ने कहा प्रथम दृष्टया यह पूरी तरह हत्या का मामला है। हमने मर्ग कायम कर विवेचना शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम और पुलिस हर बारीक पहलू की जांच कर रही है। जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *