भास्कर न्यूज | कवर्धा जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा ग्राम छिरहा स्थित कांग्रेस कार्यालय में नए जिला अध्यक्ष व ब्लाक अध्यक्षों का शपथ ग्रहण समारोह हुआ। जहां सभा के दौरान कांग्रेस के पदाधिकारियों ने अपनी पुरानी बातों को याद करते हुए कांग्रेस को एकजुट करने का संदेश दिया। वहीं पंडरिया के अर्जुन तिवारी ने वर्षो से विधायक के लिए टिकट मांगने की बातें कही। इस बीच कन्हैया अग्रवाल ने सभी को कांग्रेस की रीति नीति से काम करने की प्रेरित किया। इस बीच नए जिला अध्यक्ष नवीन जायसवाल संबोधन के दौरान भावुक हो गए। उन्होंने पूर्व मंत्री मो अकबर को याद करते हुए रोने लगे। यह घटनाक्रम कांग्रेस पदाधिकारियों के लिए नया रहा। नवीन जायसवाल ने कहा कि कांग्रेस की असली ताकत उसके संगठन और कार्यकर्ताओं में है। संगठन तभी मजबूत होगा जब वरिष्ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का सम्मान किया जाए और हर सदस्य को संगठन से जोड़ा जाए। कांग्रेस केवल सत्ता की राजनीति नहीं करती, बल्कि जनता के अधिकार, न्याय और विकास की लड़ाई लड़ने वाली पार्टी है। उन्होंने कहा कि आगामी समय में संगठन को बूथ स्तर से लेकर जिला स्तर तक मजबूत किया जाएगा और हर कार्यकर्ता को उसकी क्षमता, मेहनत और निष्ठा के अनुसार दायित्व सौंपा जाएगा। पूर्व विधायक ममता चंद्राकर ने कहा कि कांग्रेस हमेशा जनता के हक और अधिकार की लड़ाई लड़ती रही है, और महिलाओं, युवाओं एवं किसानों की भागीदारी से संगठन और मजबूत होगा। संघर्षशील कार्यकर्ताओं की भूमिका पर जोर: पूर्व प्रदेश महामंत्री अर्जुन तिवारी ने भाजपा की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्षशील कार्यकर्ताओं की भूमिका पर बल दिया। वरिष्ठ नेता लालजी चंद्रवंशी ने समारोह को संगठन को मजबूत करने की नई शुरुआत बताया। शपथ ग्रहण समारोह के अंत में सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संगठन की मजबूती, वरिष्ठ कांग्रेसियों के सम्मान और आगामी चुनावों में जीत सुनिश्चित करने का सामूहिक संकल्प लिया। इस कार्यक्रम ने कांग्रेस संगठन को नई दिशा और जोश देने के साथ-साथ जिले में आगामी चुनावों के लिए उत्साह का माहौल तैयार कर दिया।


