सिटी रिपोर्टर | बीकानेर समर्थन मूल्य खरीद 2025 के अंतर्गत पंजीकृत किसानों के लिए बड़ी राहत की घोषणा की गई है। जिन किसानों को टोकन जारी होने के बावजूद तय समय पर अपनी जिंस की तुलाई नहीं हो पाई थी, उन्हें अब एक अंतिम अवसर दिया जा रहा है। यह फैसला किसानों की व्यावहारिक कठिनाइयों को देखते हुए लिया गया है, ताकि कोई भी पात्र किसान समर्थन मूल्य के लाभ से वंचित न रहे। समर्थन मूल्य खरीद 2025 के तहत किसानों को उनकी जिंस तुलाई की तिथि संबंधित खरीद केंद्र पर लाने के लिए पंजीकृत मोबाइल नंबर पर मैसेज के माध्यम से सूचित किया गया था। इसके बावजूद कई किसान विभिन्न कारणों जैसे मौसम की खराबी, परिवहन की समस्या या व्यक्तिगत कारणों के चलते निर्धारित दिनांक पर तुलाई नहीं करवा सके। राजफैड के क्षेत्रीय अधिकारी शिशु पाल सिंह ने बताया कि जिन किसानों को 21 दिसंबर 2025 से टोकन जारी किए गए थे और जो निर्धारित तिथि के 10 दिवस की अवधि में अपनी जिंस की तुलाई नहीं कर पाए हैं, उन्हें अब एक अंतिम अवसर प्रदान किया गया है। ऐसे किसान 25 जनवरी तक अपनी जिंस संबंधित खरीद केंद्र पर लाकर तुलवा सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह छूट केवल उन्हीं किसानों को दी जाएगी, जिनकी 10 दिन की निर्धारित अवधि हाल ही में समाप्त हुई है। इसके अलावा अन्य मामलों में पूर्व में निर्धारित शर्तें यथावत लागू रहेंगी।


