भास्कर न्यूज | लुधियाना शहर में प्रतिबंध के बावजूद चाइना डोर एक बार फिर जानलेवा साबित हुई है। इस बार इसका शिकार बिहार पुलिस में तैनात पुलिसकर्मी बने हैं, जो अपनी डॉक्टर बेटी से मिलने लुधियाना आए हुए थे। हादसे में उनका पैर बुरी तरह कट गया और हड्डी तक क्षतिग्रस्त हो गई। घायल की पहचान बाल किशोर के रूप में हुई है, जो बिहार पुलिस में कार्यरत हैं और इन दिनों छुट्टी पर लुधियाना आए थे। उनकी बेटी डॉ. सुनीता हैं, जिनका लुधियाना में क्लिनिक है। जानकारी के अनुसार घटना उस समय हुई जब बाल किशोर सेक्टर-32 जच्चा-बच्चा अस्पताल के पास पैदल जा रहे थे। इसी दौरान अचानक उनके पैर में चाइना डोर फंस गई। उसी समय सड़क से गुजर रही एक कार में भी वही डोर उलझ गई, जिससे डोर पूरी ताकत से खिंच गई। तेज खिंचाव के कारण बाल किशोर का पैर गहराई तक कट गया और हड्डी को गंभीर नुकसान पहुंचा। अचानक हुए हादसे से वह सड़क पर गिर पड़े। मौके पर मौजूद लोगों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती करवाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक उनके पैर की हड्डी का ऑपरेशन किया गया है और हालत गंभीर बनी हुई है।


