भास्कर न्यूज | लुधियाना शहर के एक नामी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल की संचालक डॉक्टरों से 25 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और अस्पताल बंद कराने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने जांच के बाद आरोपी डॉक्टर के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में शिकायतकर्ता डॉ. नीलम अरोड़ा और उनकी बेटी डॉ. निहारिका अरोड़ा हैं, जो माल रोड स्थित अरोड़ा न्यूरो सेंटर का संचालन करती हैं। शिकायत के अनुसार, डॉ. मनु भार्गव को 1 अक्टूबर 2025 को अस्पताल में डिप्टी मेडिकल सुपरिंटेंडेंट के तौर पर अस्थायी आधार पर नियुक्त किया गया था। इस दौरान महिला स्टाफ की ओर से उनके व्यवहार को लेकर कई शिकायतें सामने आईं। शिकायतें मिलने के बाद उन्हें पॉश कमेटी के समक्ष बुलाया गया, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके बाद आरोपी ने 25 नवंबर 2025 को ई-मेल के जरिए इस्तीफा दे दिया। आरोप है कि इस्तीफे के बाद डॉ. मनु भार्गव ने अस्पताल और संचालक डॉक्टरों के खिलाफ विभिन्न विभागों में झूठी शिकायतें कीं और अस्पताल बंद कराने की धमकियां दीं। 27 नवंबर को अस्पताल पहुंचकर उन्होंने कथित तौर पर 25 लाख रुपये देने या दोबारा नौकरी पर रखने की मांग की। मना करने पर जान से मारने और अस्पताल को बदनाम करने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है। पुलिस जांच में शिकायतकर्ताओं, स्टाफ सदस्यों और गवाहों के बयान दर्ज किए गए। जांच रिपोर्ट में प्रथम दृष्टया आरोपी के खिलाफ रंगदारी मांगने और धमकी देने के आरोप सही पाए गए। इसके बाद पुलिस कमिश्नर की मंजूरी से थाना डिवीजन नंबर-8 में आरोपी डॉक्टर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।


