टक्कर का बहाना बनाकर कारोबारी से लूट, सोने की चेन छीनकर फरार

भास्कर न्यूज | लुधियाना चंडीगढ़ रोड स्थित फ्रेंड्स कॉलोनी में टक्कर का बहाना बनाकर तीन युवकों ने एक कारोबारी को रोक लिया। आरोपियों ने उसके साथ मारपीट कर गले से सोने की चेन छीन ली और मौके से फरार हो गए। घटना में कारोबारी घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे छुट्टी दे दी। घायल की पहचान अजैब सिंह (51) निवासी फ्रेंड्स कॉलोनी, चंडीगढ़ रोड के रूप में हुई है। अजैब सिंह समराला चौक के नजदीक गाड़ियों की खरीद-फरोख्त का काम करता है। अजैब सिंह ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार देर शाम वह दफ्तर से काम निपटाकर कार से घर लौट रहा था। जैसे ही वह अपने घर के पास गली में पहुंचा, तभी साइड से आए तीन युवकों ने उसकी कार को टक्कर मारने का बहाना बनाकर उसे रुकवा लिया। कार से उतरते ही आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और अचानक उसके साथ मारपीट करने लगे।पीड़ित ने बताया कि विरोध करने पर आरोपियों ने उसे जमीन पर गिरा दिया और गले में पहनी सोने की चेन छीनकर फरार हो गए। मारपीट के दौरान उसे गंभीर चोटें आईं और वह सड़क पर घायल अवस्था में पड़ा रहा। घटना के बाद वहां से गुजर रहे राहगीरों ने मानवता दिखाते हुए घायल को सिविल अस्पताल पहुंचाया। इलाज के बाद अजैब सिंह ने पूरे मामले की शिकायत पुलिस को दी। मामले की जांच थाना जमालपुर पुलिस कर रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *