मोबाइल कारोबार में भरोसे का फायदा उठा 7.75 लाख ठगे, दंपती पर पर्चा

भास्कर न्यूज | लुधियाना मोबाइल फोन के कारोबार में भरोसे का फायदा उठाकर लाखों रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने जांच के बाद पति-पत्नी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है। मामले में शिकायतकर्ता गगनप्रीत सिंह ने बताया कि वह मोबाइल खरीद-बिक्री का काम करता है और उसकी दुकान ‘मोबाइल एक्सप्रेस’ के नाम से मॉडल टाउन इलाके में स्थित है। आरोपियों मानसप्रीत सिंह और उसकी पत्नी गुरलीन कौर भी मोबाइल कारोबार से जुड़े थे और लंबे समय से दोनों के बीच व्यावसायिक लेन-देन चल रहा था। शुरुआत में आरोपी मोबाइल लेकर आगे बेचते थे और समय पर भुगतान कर देते थे, जिससे आपसी विश्वास बन गया। शिकायत के अनुसार, अक्टूबर 2024 से दिसंबर 2024 के बीच आरोपियों ने दुकान के स्टॉक से एक आई-पैड एयर और तीन महंगे मोबाइल फोन ले लिए, जिनकी कीमत करीब 3.41 लाख रुपये थी। इसके अलावा पहले के लेन-देन में भी करीब 2.10 लाख रुपये बकाया थे। इस तरह कुल 5.51 लाख रुपये की रकम आरोपी वापस नहीं कर पाए। शिकायतकर्ता का आरोप है कि बकाया रकम लौटाने के बजाय आरोपियों ने उसे और भरोसे में लेकर अपनी थार गाड़ी बेचने का प्रस्ताव दिया। आरोपियों ने कहा कि गाड़ी पर चल रहा लोन वे खुद क्लियर कर देंगे और ट्रांसफर भी करवा देंगे। भरोसा करके शिकायतकर्ता ने 3.64 लाख रुपये नकद दे दिए। बाद में जांच करने पर सामने आया कि गाड़ी से जुड़े दस्तावेजों पर किए गए हस्ताक्षर भी कथित तौर पर जाली थे। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गाड़ी सौदे के दौरान शिकायतकर्ता को सिर्फ 1.40 लाख रुपये ही वापस मिले। कुल मिलाकर आरोपियों की ओर से शिकायतकर्ता के करीब 7.75 लाख रुपये अब भी बकाया हैं। थाना मॉडल टाउन पुलिस ने जांच में पाया गया कि आरोपियों ने साजिश के तहत शिकायतकर्ता से माल और नकद रकम लेकर धोखाधड़ी की। रिपोर्ट के आधार पर सहायक पुलिस आयुक्त और पुलिस कमिश्नर की मंजूरी के बाद मानसप्रीत सिंह और गुरलीन कौर के खिलाफ धारा 420 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *