भास्कर संवाददाता | बड़वानी शहर के राजघाट रोड स्थित नार्मदीय ब्राह्मण समाज धर्मशाला में शुक्रवार को नार्मदीय ब्राह्मण समाज महिला मंडल ने मकर संक्रांति पर्व के उपलक्ष्य में हल्दी-कुमकुम कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें समाज की महिलाओं ने उत्साह से पारंपरिक व रंग-बिरंगी वेशभूषा में सजकर सहभागिता की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नार्मदीय महासभा महिला अध्यक्ष शीतल डोंगरे रही, जो पहली बार निर्वाचित होने के बाद शहर पहुंची थी। महिलाओं ने पारंपरिक गीतों और नृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी। कार्यक्रम को सफल बनाने में सांस्कृतिक सचिव नेहा उपाध्याय की विशेष भूमिका रही। उन्होंने कार्यक्रम की संपूर्ण व्यवस्थाओं के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का कुशल समन्वय किया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने एक साथ भोजन ग्रहण किया। इस दौरान महिला इकाई अध्यक्ष रचना सोहनी, उपाध्यक्ष माधुरी जोशी व आरती उपाध्याय, सचिव तनिषा जोशी, कोषाध्यक्ष निशा उपाध्याय, सांस्कृतिक संयोजक दीपिका शर्मा, सांस्कृतिक सचिव दीपमाला दवे, सह सचिव सरला कानूनगो सहित समाज की महिलाएं मौजूद थी।


