विदिशा| जिला पंचायत अध्यक्ष ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर सुझाव दिया है कि राष्ट्रीय राजमार्गों के किनारे सरकारी जमीन पर ऊंचे कंक्रीट के चबूतरे बनाकर उन पर टीन शेड लगाए जाएं। उन्होंने कहा कि गोशालाओं का निर्माण सरकार का सराहनीय कदम है, लेकिन वर्षा काल में एक गंभीर समस्या सामने आती है। बारिश में गीली जमीन के कारण गोवंश सूखी जगह की तलाश में हाईवे पर बैठ जाता है। इससे गोवंश की मौत होती है और वाहन चालकों की जान भी खतरे में पड़ती है। जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए विदिशा जिले में एक “पायलट प्रोजेक्ट” शुरू किया जाए। हाईवे किनारे जहां सरकारी जमीन उपलब्ध है, वहां चबूतरे बनाकर टीन शेड लगाए जाएं। बारिश के मौसम में चारा और पानी की प्राकृतिक उपलब्धता रहती है, इसलिए गोवंश को केवल सूखी जगह चाहिए होती है। ये शेड उन्हें सड़कों पर बैठने से रोकेंगे। उन्होंने सुझाव दिया कि यह काम हाईवे निर्माण के साथ ही ठेकेदारों से कराया जाए या फिर एनएचएआई इसके लिए विशेष बजट जिला पंचायत को दे। पंचायत इन शेड की सफाई और देखरेख करेगी। इससे सड़क हादसों में जान-माल की हानि कम होगी। रात और भारी बारिश में वाहन चालक सुरक्षित यात्रा कर सकेंगे। पूर्ण गोशाला की तुलना में ये विश्राम शेड कम खर्च में ज्यादा असरदार होंगे।


