विदिशा| लघु उद्योग भारती विदिशा ने एक बार फिर एनएच-146 को देहगांव, बम्होरी होते हुए बटेरा तिराहा पर भोपाल-जबलपुर एनएच-45 से जोड़ने की मांग उठाई है। संगठन का कहना है कि इस मार्ग के बनने से विदिशा चारों दिशाओं से सीधे हाइवे से जुड़ जाएगा। अभी पूर्व, पश्चिम और उत्तर दिशा की ओर हाइवे निर्माण तेजी से चल रहा है। लेकिन दक्षिण दिशा में सीधा कॉरिडोर नहीं होने से छींद, पिपरिया, गाडरवाड़ा, नरसिंहपुर और जबलपुर जाने में 50 किमी ज्यादा दूरी तय करनी पड़ती है। लघु उद्योग भारती के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य प्रदीप मित्तल ने बताया कि प्रस्तावित मार्ग की लंबाई करीब 80 किमी है। यह विदिशा, गंजबासौदा, गुलाबगंज, सिरोंज और शमशाबाद जैसे ग्रामीण और अर्धशहरी क्षेत्रों को सीधा लाभ देगा। मित्तल ने बताया कि विदिशा क्षेत्र के सांसद शिवराज सिंह चौहान ने जयप्रकाश मंच से इस मार्ग के निर्माण की घोषणा की थी।इस मार्ग से छींद के हनुमान मंदिर और नर्मदा स्नान जैसे धार्मिक स्थलों तक पहुंचना भी सरल होगा।


