सीएम राइज स्कूल में नौकरी का लालच देकर ठगी:गुना में कंप्यूटर ऑपरेटर बनवाने लिए 25-25 हजार; फर्जी ज्वाइनिंग लेटर भी दिए, आरोपी गिरफ्तार

गुना में सीएम राइज स्कूल में नौकरी दिलाने के नाम पर युवक-युवतियों से ठगी करने वाले कोचिंग संचालक को कैंट पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने आउटसोर्सिंग के तहत कंप्यूटर ऑपरेटर की भर्ती का झांसा देकर प्रत्येक अभ्यर्थी से 25-25 हजार रुपए वसूले और उन्हें फर्जी जॉइनिंग लेटर थमा दिए। एनएफएल पालिका बाजार विजयपुर निवासी मुस्कान (21) पुत्री हरिओम रजक ने कैंट थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि राघौगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम डोंगर निवासी रवि मीणा पुत्र श्रीलाल मीणा, जो कोचिंग क्लासेस संचालक है, से उसकी करीब एक साल पहले पहचान हुई थी। आरोपी ने उसे सीएम राइज स्कूल में आउटसोर्सिंग के माध्यम से कंप्यूटर ऑपरेटर की भर्ती होने की जानकारी दी और कहा कि लैपटॉप, ड्रेस और आईडी कार्ड के नाम पर 29 हजार रुपए जमा करने होंगे, जो जॉइनिंग के दिन लौटा दिए जाएंगे। रुपए लेने के बाद फर्जी जॉइनिंग लेटर थमाया मुस्कान ने 23 जुलाई को आरोपी के खाते में 25 हजार रुपए और 2 अगस्त 2025 को ड्रेस के लिए 4 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर किए। राशि लेने के बाद आरोपी ने उसे फर्जी जॉइनिंग लेटर दिया, जिसमें जॉइनिंग की तारीख 18 अक्टूबर 2025 अंकित थी। मामले का खुलासा तब हुआ जब मुस्कान ने यह जानकारी अपने चचेरे भाई और दोस्तों को दी। जांच में सामने आया कि आरोपी रवि मीणा ने अन्य युवक-युवतियों से भी इसी तरह 25-25 हजार रुपए लेकर फर्जी जॉइनिंग लेटर जारी किए थे। जॉइनिंग की तय तारीख आने पर पीड़ितों ने संपर्क किया तो आरोपी बहाने बनाने लगा और बाद में उसने फोन उठाना बंद कर दिया। शिकायत के बाद आरोपी पर FIR शिकायत की जांच के बाद कैंट थाने में आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी के निर्देशन और सीएसपी प्रियंका मिश्रा के नेतृत्व में कैंट थाना प्रभारी टीआई अनूप भार्गव व उनकी टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी रवि मीणा (24) निवासी ग्राम डोंगर, थाना विजयपुर को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *