गुना में डकैती की कोशिश, तीन और बदमाश गिरफ्तार:मकान मालिक के जागने से सफल नहीं हो पाई थी डकैती; गांव के व्यक्ति ने ही की थी मुखबिरी

जिले के आरोन थाना इलाके के भूपमढ़ी गांव में डकैती के प्रयास के तीन और आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले एक आरोपी और उन्हें मुखबिरी देने वाले को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। लगभग दस बदमाश डकैती डालने के उद्देश्य से गांव में पहुंचे थे। मकान मालिक के जाग जाने पर वह भाग खड़े हुए थे। एक बदमाश को ग्रामीणों ने पकड़ लिया था। आरोन पुलिस ने बताया कि 4-5 जनवरी की दरम्यानी रात जिले के आरोन थाना क्षेत्र के ग्राम भूपमढ़ी में कुछ हथियारबंद बदमाशों द्वारा ग्रामीण महावीर सिंह रघुवंशी के घर में घुसकर डकैती की वारदात का प्रयास किया गया था। इस दौरान ग्रामीणों की सतर्कता से बदमाश अपने मंसूबे में सफल नहीं हो सके और मौके से फरार हो गए। इस बीच ग्रामीणों द्वारा एक बदमाश शेर सिंह पुत्र विक्रम पारदी उम्र 20 साल निवासी ग्राम खेजरा चक थाना धरनावदा को पकड़ लिया था। साथ ही बदमाशों की एक बाइक भी मौके से बरामद हुई थी। 7-8 अज्ञात लोगों पर की FIR इस घटना की रिपोर्ट पर से आरोपी शेर सिंह पारदी सहित 7-8 अन्य अज्ञात के विरूद्ध आरोन थाने में मामला दर्ज किया गया। साथ ही आरोपी शेर सिंह पारदी को गिरफ्तार कर मौके से बाइक को जप्त किया गया। बाइक के संबंध में जानकारी पता करने पर वह राजस्थान के कोटा से चोरी होना पाई गई। गिरफ्तार आरोपी शेर सिंह पारदी को न्यायालय से पुलिस रिमांड लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसके अन्य अज्ञात साथियों और डकैती कराने वाले स्थानीय सूत्रधारों के नाम चिन्हित किए गए। इसके बाद पुलिस द्वारा प्रकरण में चिन्हित अन्य आरोपियों की तलाश शुरू की गई। इसके लिए अपना मुखिबर तंत्र सक्रिय किया। इसी क्रम में डकैती कराने वाले स्थानीय सूत्रधार दिमान सिंह पुत्र स्व तोफान सिंह केवट उम्र 60 साल निवासी ग्राम भूपमढ़ी को 9 जनवरी को गिरफ्तार कर लिया था। तीन और बदमाश पकड़ाए आरोन पुलिस द्वारा बाकी आरोपियों की तलाश में लगातार दबिशें दी गईं। इसी क्रम में मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन और आरोपी वीरेंद्र उर्फ बीरन पुत्र नारायण सिंह यादव उम्र 53 साल निवासी ग्राम खिरिया कुसमान थाना आरोन, संजू पुत्र श्यामबाबू यादव उम्र 24 साल निवासी ग्राम खेजरा गुरूजी थाना धरनावदा और विरमाल उर्फ मंटू पुत्र अमर सिंह यादव उम्र 29 साल निवासी ग्राम मोतीपुरा चौकी थाना जैपला जिला बारां राजस्थान को गिरफ्तार कर लिया गया। उनसे घटना में इस्तेमाल बिना नंबर की एक मोटर सायकिल और 3 मोबाईल फोन जप्त किये गये हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *