रतलाम में गिट्टी खदान की जमीन नपती कर कब्जा दिलाने पहुंचे प्रशासन, खनिज विभाग व पुलिस दल पर अतिक्रमण करने वालों ने पथराव कर दिया। कुछ ने गोफन चलाकर भी पत्थर मारे। पथराव में एक टीआई की गाड़ी के कांच फूट गए। एक कॉन्स्टेबल व पटवारी को चोट लगी है। घटनाक्रम शुक्रवार दोपहर का है। जिले के सरवनी खुर्द में सर्वे नंबर 167 एक दंपती को अलॉट की गई गिट्टी खदान का अतिक्रमण हटाने और कब्जा दिलवाने प्रशासन के अधिकारी, खनिज विभाग व पुलिस टीम के साथ पहुंचे थे। टीम ने अतिक्रमण करने वालों को हटने की समझाइश दी। लेकिन वह लोग नहीं माने। अतिक्रमण करने वालों और उनके साथियों व परिचितों ने हंगामा शुरू कर दिया। देखते ही देखते पथराव कर दिया। कुछ लोगों ने गोफन चलाकर भी पत्थर मारे। पुलिस की गाड़ी के कांच फूटे हमले में महिला थाना टीआई रेखा चौधरी की जीप एमपी-03 ए 3678 का आगे और ड्राइवर साइड का कांच फूट गया। दूसरी सरकारी गाड़ियों पर भी पत्थर लगे। पत्थर लगने से माणक चौक थाने के हेड कॉन्स्टेबल सुधीर राठौर और पटवारी शैलेंद्र व्यास घायल हो गए। राठौर के बांए हाथ की बांह पर चोट लगी है। हाथ के अंदर का मांस फट गया है। जिला अस्पताल में उनकी ड्रेसिंग करवाई गई। पटवारी व्यास के हाथ में भी हल्की चोट लगी है। कोर्ट के आदेश पर कब्जा दिलाने पहुंचे थे नायब तहसीलदार मनोज चौहान ने बताया कि सालभर पहले सरवनी खुर्द के सर्वे नंबर 167 की पांच हैक्टेयर जमीन राहुल व पूजा जायसवाल को गिट्टी खदान के लिए 5 हेक्टेयर जमीन अलॉट हुई थी। इस जमीन पर कुछ लोगों ने कब्जा कर रखा है। कई बार कब्जा लेने जाने के बाद भी जब उन्हें कब्जा नहीं मिला तो वो कोर्ट पहुंचे। हाई कोर्ट ने कब्जा दिलवाने के आदेश दिए। इस पर प्रशासन की टीम खनिज विभाग के अधिकारियों व पुलिस बल के साथ नपती कर कब्जा दिलवाने पहुंची। वहां मौजूद लोगों ने नपती नहीं करने दी। समझाइश के बाद भी नहीं माने और पथराव शुरू कर दिया। 5 नामजद समेत 15 से 20 अन्य के खिलाफ केस डीडी नगर थाना प्रभारी अनुराग यादव ने बताया कि नायब तहसीलदार मनोज चौहान के आवेदन पर पांच लोगों के खिलाफ नामजद व अन्य 15-20 आरोपियों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा और सरकारी संपत्ति के नुकसान का केस दर्ज किया है। इसमें आरोपी कान्हा पिता वेलजी कटारा, सुरेश पिता भीला मईड़ा, लखन पिता वेलजी कटारा, सांवरिया पिता चंदू गरवाल और पप्पू पिता कान्हा मोरी शामिल है। आरोपी कान्हा, सुरेश और लखन को हिरासत में लिया है। बाकी की तलाश की जा रही है।


