खिलचीपुर विधायक से मंत्री बोले- सही बोलने की आदत डालो:मंच से प्रहलाद ने कहा- मैं आपके खिलाफ बोल दूंगा; पास आए तो बात तक नहीं की

राजगढ़ जिले के खिलचीपुर में शुक्रवार को अटल सुशासन भवन के भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान उस समय माहौल अलग ही रंग में नजर आया, जब मंच से चल रही बातों पर पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल असहज और नाराज दिखे। मंत्री प्रहलाद पटेल इस कार्यक्रम में शामिल होने खिलचीपुर पहुंचे थे। उनके साथ जिले के मंत्री नारायण सिंह पंवार और गौतम टेटवाल भी मंच पर मौजूद थे। कार्यक्रम के दौरान जब विधायक हजारीलाल दांगी मंच से संबोधन कर रहे थे, उसी दौरान उनके कुछ शब्दों पर मंत्री प्रहलाद पटेल ने टोका। विधायक दांगी की बातों पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री ने मंच से कहा-“बस करो, ऐसा मत करो, खुश करने के लिए मत बोलो… नहीं तो मैं आपके खिलाफ बोल दूंगा।” मंत्री के इस अंदाज पर मंच और पंडाल में बैठे लोग हंस पड़े। विधायक ने कहा- कई पंचायतों में भवन नहीं हैं
इसके बाद विधायक दांगी ने जैसे ही अपनी बात आगे बढ़ाने की कोशिश की, मंच पर बैठे मंत्री गौतम टेटवाल ने चुटकी लेते हुए कहा- “मांग लो, जो मांगो… दाता आया है।” इस पर भी सभा में ठहाके गूंज उठे। माहौल हल्का होने के बाद विधायक हजारीलाल दांगी ने गंभीर मुद्दे पर बात रखते हुए कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र की कई ग्राम पंचायतों में पंचायत भवन और सामुदायिक भवन नहीं हैं। उन्होंने कुछ पंचायतों की सूची मंत्री को देने की बात कही। यह सुनते ही मंत्री प्रहलाद पटेल ने जिला पंचायत सीईओ को मंच पर बुलाने के निर्देश दिए। अचानक हुए इस घटनाक्रम से विधायक दांगी कुछ पल के लिए चुप हो गए। हालांकि मंत्री ने विधायक को बात पूरी करने को कहा। इसके बाद विधायक दांगी ने बताया कि खिलचीपुर और जीरापुर जनपद पंचायत क्षेत्र की 8 से 10 पंचायतों में सामुदायिक भवन और करीब 6 पंचायतों में पंचायत भवन की आवश्यकता है। उन्होंने अधिक से अधिक घोषणाएं करने का आग्रह किया। नाराज होकर मंत्री – सही बोलने की आदत डालो
यहीं से मंत्री प्रहलाद पटेल का रुख सख्त हो गया। उन्होंने विधायक से कहा- “थोड़ा सही बोलने की आदत डालो। पुराने और जर्जर भवनों को यह कहना कि वहां भवन ही नहीं है, गलत है।” इस पर सांसद रोडमल नागर ने बीच में कहा कि कई भवन जर्जर हालत में हैं। मंत्री ने तुरंत जवाब दिया- “जर्जर और भवन नहीं होने में फर्क होता है।” बातों का सिलसिला आगे बढ़ा तो विधायक दांगी ने मजाकिया लहजे में कहा- “मांगना हमारा काम है और देना आपका।” इस टिप्पणी पर सभा में फिर हंसी छा गई, लेकिन मंत्री प्रहलाद पटेल हाथ जोड़ते हुए बोले- “भैया, रहने दो।” विधायक पास आए को बात नहीं की
कार्यक्रम के अंत में विधायक दांगी ने मंत्री के आगमन के लिए आभार जताया, लेकिन इसके बाद भी मंत्री प्रहलाद पटेल मंच पर उनसे नाराज नजर आए। विधायक जब उनके पास जाकर बात करने लगे तो मंत्री ने इशारे से उन्हें बैठने को कहा और उनकी ओर नजर तक नहीं डाली। सारंगपुर में मंत्री के कई बार बुलाने पर भी नहीं पहुंचे भाजपा नेता कार्यक्रम के दौरान मंच से भाजपा अनुसूचित जाति के नेता रामलाल खटक का नाम कई बार पुकारा गया, लेकिन वे मंच पर नहीं पहुंचे। बाद में उन्होंने इसे नारी सम्मान से जुड़ा मामला बताते हुए प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। रामलाल खटक ने जनपद सीईओ पर आरोप लगाया कि उनकी पत्नी प्रेमबाई खटक, जो जिला पंचायत सदस्य हैं, उनका नाम शिलापट्ट पर नहीं लिखा गया। साथ ही बैनर और पोस्टर में भी उनका फोटो नहीं लगाया गया। उन्होंने इसे नारी सम्मान का अपमान बताते हुए प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। पूरी खबर पढ़िए…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *