दतिया में धीरेंद्र शास्त्री पर फिर भड़के दामोदर:बोले- वे भाजपा के एजेंट, 19 को DGP से करेंगे शिकायत; ग्वालियर हाईकोर्ट में मूर्ति लगाने की मांग

आजाद समाज पार्टी के नेता और दलित-पिछड़ा समाज संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष दामोदर यादव ने एक बार फिर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पर जुबानी हमला बोला है। दतिया में अपने निवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए उन्होंने शास्त्री को भाजपा का एजेंट और प्रचारक बताया। यादव ने कहा कि शास्त्री ने संविधान का उल्लंघन किया है। वे 19 जनवरी को भोपाल में डीजीपी से मिलकर शास्त्री के खिलाफ करीब 15 गंभीर धाराओं में कार्रवाई की मांग करेंगे। ‘हिन्दू सुरक्षित हैं क्योंकि RSS है, यह बयान गलत’ दामोदर यादव ने आरोप लगाया कि धीरेंद्र शास्त्री कथावाचन के मंच से बार-बार कहते हैं कि ‘हिंदू सुरक्षित हैं क्योंकि आरएसएस है’। यादव के मुताबिक, यह बयान सत्ता के संरक्षण में आडंबर रचने के अलावा कुछ नहीं है। उन्होंने दावा किया कि ऐसे बयानों से संविधान का उल्लंघन हुआ है, इसलिए वे कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रहे हैं। पदयात्रा के दौरान भी किया था विरोध हाल ही में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने दिल्ली से मथुरा तक ‘सनातन हिंदू एकता पदयात्रा’ निकाली थी। उस समय भी दामोदर यादव ने उन पर टिप्पणी की थी और दतिया में विरोध प्रदर्शन किया था। तब सोशल मीडिया पर लोगों ने दामोदर यादव की टिप्पणी पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए उनका जमकर विरोध किया था। 15 मार्च तक मूर्ति नहीं लगी तो खुद लगाएंगे प्रेसवार्ता में यादव ने ग्वालियर हाईकोर्ट परिसर में डॉ. भीमराव आंबेडकर की मूर्ति स्थापित करने का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने बताया कि इस संबंध में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखा है। उनका आरोप है कि कुछ ‘मनुवादी वकील’ प्रतिमा लगाने का विरोध कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 15 मार्च से पहले मूर्ति स्थापित नहीं की गई, तो कांशीराम जयंती पर लाखों कार्यकर्ताओं के साथ वे खुद इसे स्थापित करने का कदम उठाएंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *