भास्कर न्यूज | जांजगीर जिले में अवैध धान भंडारण और अनियमितताओं पर चल रही कार्रवाई के तहत नवागढ़ के ग्राम पंचायत नेगुरडीह के श्री हरि राइस मिल पर खाद्य विभाग की टीम ने छापामार कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान मिल के प्रोपराइटर झामलाल साहू मौजूद थे। जांच में रिकॉर्ड में गड़बड़ी और संचालन में अनियमितता सामने आई। अधिकारियों ने मिल से 56417 बोरी धान, जिसका वजन 22,566.80 क्विंटल है, जब्त किया। यह कार्रवाई अवैध भंडारण और अनियमित धान बिक्री को रोकने के उद्देश्य से की गई है। मालूम हो कि धान खरीदी शुरू होने के बाद से जिले में कोचियों, बिचौलियों और राइस मिलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसके लिए राजस्व, खाद्य, मंडी और सहकारिता विभाग की संयुक्त उड़नदस्ता टीम लगातार गश्त और आकस्मिक जांच कर रही है। गड़बड़ी मिलने पर कार्रवाई की जा रही है। 13 जनवरी को बम्हनीडीह के ओम राइस मिल, भागोडीह में राजस्व व खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने छापामारी की थी।जांच के दौरान मिल परिसर में मिल के प्रोपराइटर आशीष कुमार अग्रवाल मौजूद थे। निरीक्षण में मिलर के कब्जे से 57,150 बोरी धान, जिसका वजन 22,860 क्विंटल जब्त किया गया था।


