तेज रफ्तार हाईवा ने बाइक सवारों को कुचला, 2 मौतें:दशगात्र कार्यक्रम से लौट रहे थे; 4 महीने पहले ही हुई थी युवक की शादी

दुर्ग जिले में शुक्रवार (16 जनवरी) को सड़क हादसे में 2 लोगों की मौत हुई है। हादसा भिलाई तीन थाना क्षेत्र के अंतर्गत स्थित पचपेड़ी गांव के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। मृतकों की पहचान बोरसी हनोदा निवासी देवराज यादव (27) और उनके फूफा वीरेंद्र यादव (40) के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि देवराज की शादी 4 महीने पहले ही हुई थी। जानकारी के मुताबिक देवराज यादव अपने ससुराल गया हुआ था। वहां वो दशगात्र के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद शुक्रवार शाम वह अपने फूफा के साथ बाइक से वापस अपने घर लौट रहा था। दोनों जैसे ही पचपेड़ी गांव के पास पहुंचे, उसी दौरान पाटन की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों सवारों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। सुपेला अस्पताल में लाया गया शव हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। सूचना पर भिलाई तीन थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और शवों को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की। इसके बाद दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सुपेला का लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल भेजा गया। हादसे के बाद हाईवा चालक हुआ फरार पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर विवेचना शुरू कर दी है। हादसे के बाद हाईवा चालक मौके से भागने में कामयाब रहा। मृतक के पिता ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि हादसे को अंजाम देने वाले हाईवा के ड्राइवर को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है। घर का इकलौता बेटा था मृतक देवराज यादव के पिता के हेमंत कुमार यादव का कहना है कि मैं दुर्ग हनोदा में रहता हूं, मेरा बेटे की चार महीने पहले ही शादी हुई थी। घर का अकेला बेटा था कमाने वाला और परिवार चलाने वाला था। ये उसकी शादी का चौथा महीना था। दशगात्र कार्यक्रम में गया हुआ था। लेकिन ऐसा हो गया। घटना स्थल पर सीसीटीवी कैमरा भी नहीं है। हाईवा चालक फरार हो गया है। अब तक पुलिस उसे पकड़ नहीं सकी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *