दतिया जिले के भांडेर नगर स्थित खाई का बाजार इलाके में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए करीब 3 लाख रुपए की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। डॉ. अभिषेक घनघोरिया का मकान पिछले तीन दिनों से बंद था। चोरों ने ताले चटकाकर घर से सोने-चांदी के जेवर, टीवी, सेटअप बॉक्स और 1 लाख रुपए नगद चोरी कर लिए। शुक्रवार शाम पड़ोसी की सूचना पर डॉक्टर मौके पर पहुंचे और पुलिस को खबर दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पड़ोसी ने दी ताले टूटने की सूचना जानकारी के अनुसार, करौंदीपुर मोहल्ला (खाई का बाजार) निवासी डॉ. अभिषेक घनघोरिया ग्वालियर में क्लीनिक चलाते हैं। वे पिछले तीन दिनों से ग्वालियर में अपनी क्लीनिक पर थे, जिस कारण भांडेर वाला घर सूना था। शुक्रवार शाम पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति ने डॉ. घनघोरिया को फोन कर घर के ताले टूटे होने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे। अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा हुआ था। 1 लाख कैश और जेवर पार डॉ. घनघोरिया के मुताबिक, चोर घर के अंदर से सोने की एक चेन, दो सोने की अंगूठी और चांदी के बिछिया चोरी कर ले गए हैं। जेवरों के अलावा चोर अलमारी में रखे 1 लाख रुपए नगद, टीवी, लाउड स्पीकर और सेटअप बॉक्स भी अपने साथ ले गए। चोरी गए सामान और कैश की कुल कीमत करीब 3 लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने शुरू की जांच घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और प्राथमिक जांच पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और संदिग्धों की जानकारी जुटा रही है।


