भास्कर न्यूज | बालोद ग्राम जगन्नाथपुर में शुक्रवार को आयोजित एक दिवसीय मानस गान सामाजिक अनुशासन और ग्राम स्तर पर सशक्त निर्णय क्षमता प्रभावशाली संदेश दिया। आयोजन के दौरान ग्राम विकास समिति की महिलाओं ने असामाजिक गतिविधियों पर कड़ी कार्रवाई करने का निर्णय लिया। इसके तहत शराब पीकर हंगामा करने वाले व्यक्ति पर 25,000 रुपए का अर्थदंड लगाया जाएगा। इस निर्णय की जानकारी मुनादी के माध्यम से पूरे गांव में सार्वजनिक रूप से दी गई। इस कार्यक्रम की सबसे बड़ी विशेषता नारी शक्ति और युवाओं की एकजुटता रही। गांव की महिलाएं नेतृत्व में रही और युवाओं ने आयोजन की जिम्मेदारी संभाली। ग्राम सरपंच देवकुमार कोसीमा, जनपद सदस्य दमयंती हरदेल, जिला पंचायत सदस्य पूजा वैभव साहू और ग्राम विकास समिति अध्यक्ष कोमिन साहू ने मुख्य भूमिका निभाई। ग्राम विकास समिति के प्रमुख निर्णय में किसी भी कार्यक्रम में शराब पीकर हंगामा करने पर ₹25 हजार का जुर्माना। दोषी पाए जाने पर ग्राम स्तर पर तत्काल कार्रवाई। कोमिन साहू ने बताया कि 17 जनवरी को मेला और 18 जनवरी को कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन होगा। रात्री में चिखली बांधाबाजार में नाच कार्यक्रम भी आयोजित होगा। इस अवसर पर गांव के वरिष्ठ नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान करेंगे।


