बालाघाट में रेलवे ओवरब्रिज-पुल निर्माण धीमा, लाइटिंग नहीं:कलेक्टर ने जताई चिंता, 30 जून तक पूरा करने के निर्देश

बालाघाट जिले में रेलवे ओवरब्रिज और पुलों के निर्माण की धीमी गति के कारण आवाजाही में परेशानी हो रही है। इस स्थिति पर कलेक्टर मृणाल मीणा ने चिंता व्यक्त की है। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। बालाघाट से वारासिवनी तक रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण कार्य जारी है। बालाघाट शहरी क्षेत्र में गर्रा और भटेरा रेलवे ओवरब्रिज और जागपुर नदी पर पुल का निर्माण प्रगति पर है। हालांकि, इन परियोजनाओं की धीमी रफ्तार के कारण निर्माण में देरी हो रही है, जिसका सीधा असर लोगों के आवाजाही पर पड़ रहा है। सरेखा रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण तो हो गया है, लेकिन इसमें सरफेस और लाइटिंग की उचित व्यवस्था नहीं है, जिससे यात्रियों को असुविधा हो रही है। ओवरब्रिज के किनारों पर बनने वाली सर्विस रोड भी अभी तक पूरी नहीं हो पाई हैं। कलेक्टर मीणा ने रेल ओवरब्रिज शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश कलेक्टर मीणा ने निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया कि रेल ओवरब्रिज के कार्य शीघ्रता से पूरे किए जाएं। उन्होंने ब्रिज पर समुचित लाइटिंग व्यवस्था करने पर जोर दिया ताकि अंधेरे के कारण कोई हादसा न हो। सरेखा ओवरब्रिज रोड के सरफेस (सतह) कार्य को असंतोषजनक बताते हुए कलेक्टर ने इसमें सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ओवरब्रिज की दोनों ओर की सर्विस रोड का कार्य पूरा होने पर कुछ समय के लिए ट्रैफिक डायवर्ट कर सरफेस के सुधार एवं मरम्मत का कार्य कराया जाए। भटेरा ओवरब्रिज हेतु अस्थायी बस स्टैंड, डायवर्जन जल्द शुरू कलेक्टर ने अन्य स्थानों पर बन रहे रेल ओवरब्रिज की सड़क के सरफेस पर भी विशेष ध्यान देने को कहा। सरेखा रेल ओवरब्रिज पर लाइटिंग और हाईमास्ट लाइट शीघ्र लगाने के निर्देश दिए गए। भटेरा रेल ओवरब्रिज निर्माण के लिए भटेरा रोड पर अस्थायी बस स्टैंड की व्यवस्था करने तथा रेलवे और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को समन्वय कर डायवर्जन रोड का कार्य शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश भी दिए गए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि निर्माण एजेंसियों को अब निर्धारित समयावधि से अधिक का समय नहीं दिया जाएगा। 30 जून तक काम पूरा करने के दिए निर्देश कलेक्टर ने जागपुर घाट पर बन रहे पुल कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी जाहिर की और ठेकेदार को निर्देशित किया कि 30 जून तक इस कार्य को अनिवार्य रूप से पूर्ण कराए, अन्‍यथा उनका कांट्रेक्‍ट निरस्‍त करने की कार्यवाही की जाएगी। रेलवे के अधिकारियों ने बताया कि वारासिवनी कटंगी रोड पर शेरपार चौकी एवं अगासी में बन रहे रेल ओव्‍हरब्रिज का कार्य मार्च में पूर्ण हो जाएगा और इनसे आवाजाही शुरू हो जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *