बोलेरो की टक्कर से व्यक्ति की मौत:घर के बाहर नहाते समय हुआ हादसा, ए​क भैंस की भी जान गई; गाड़ी पलटी

डीग के खोह थाना क्षेत्र के पसोपा गांव में शुक्रवार दोपहर एक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। घर के बाहर नहा रहे व्यक्ति को तेज रफ्तार बोलेरो गाड़ी ने टक्कर मार दी। इस हादसे में पास बंधी एक भैंस की भी जान चली गई। जानकारी के अनुसार, पसोपा निवासी 51 वर्षीय रमेश पुत्र गोरधन अपने घर के बाहर नहा रहे थे। इसी दौरान कैथवाड़ा की ओर से आ रही एक बेकाबू बोलेरो गाड़ी ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रमेश की मौके पर ही मौत हो गई। व्यक्ति को टक्कर मारने के बाद बोलेरो पास में बंधी एक भैंस से भी जा टकराई। इस टक्कर के कारण भैंस की भी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ग्रामीणों ने बोलेरो ड्राइवर को पकड़ लिया और इसकी सूचना खोह थाना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया और बोलेरो गाड़ी को जब्त कर लिया। पुलिस ने मृतक रमेश के शव को डीग अस्पताल भिजवाया, जहां पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। भैंस का भी पोस्टमॉर्टम कराया गया है। खोह थाना प्रभारी शिव लहरी मीणा ने बताया कि मृतक के परिजनों की ओर से अभी तक कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *