शाजापुर जिला अस्पताल में चोरी की एक और घटना सामने आई है। शनिवार सुबह करीब 5 बजे उज्जैन जिले के नादेड़ा निवासी लाखन सिंह का मोबाइल चोरी हो गया। लाखन सिंह अपनी भाभी की डिलीवरी के चलते पिछले कुछ दिनों से अस्पताल में ही ठहरे हुए थे। लाखन सिंह ने अपना वीवो कंपनी का मोबाइल चार्जिंग पर लगाया था। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने मौका पाकर उनका मोबाइल चुरा लिया। मोबाइल गायब होने का पता चलने पर लाखन सिंह ने अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखने का प्रयास किया। पीड़ित लगभग एक घंटे तक फुटेज के लिए भटकते रहे, लेकिन उन्हें कोई संतोषजनक जानकारी या फुटेज उपलब्ध नहीं कराई गई। आखिरकार, लाखन सिंह ने शनिवार दोपहर करीब 12 बजे अस्पताल पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि मोबाइल चोरी होने से उन्हें काफी परेशानी हो रही है। इस घटना ने एक बार फिर जिला अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मरीजों और उनके परिजनों ने अस्पताल परिसर में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।


