कोटा शहर के गुमानपुरा थाना क्षेत्र के छावनी इलाके में तेज आवाज में गाना बजाने से मना करना एक बुजुर्ग महिला को भारी पड़ गया। घर के बाहर कार में तेज म्यूजिक बजा रहे युवकों को टोका तो बदमाशों ने सामूहिक रूप से महिला और उसके परिजनों पर हमला कर दिया। घायल महिला की पोती नंदनी ने बताया कि उनके घर के बाहर कुछ युवक कार में तेज आवाज में गाने बजा रहे थे। जब परिवार के लोगों ने उन्हें समझाने की कोशिश की तो पहले उनके भाई के साथ मारपीट की गई। इसके बाद बदमाशों ने अपने और साथियों को बुला लिया और एक दर्जन से अधिक लोग घर में घुस आए। बदमाशों ने घर में घुसकर लाठी-डंडों से जमकर तोड़फोड़ की और 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला गीताबाई के साथ बेरहमी से मारपीट की। हमले में महिला को सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। परिजन तत्काल उन्हें इलाज के लिए एमबीएस अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही गुमानपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने घायल महिला के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


