बैतूल में खेत की मेढ़ पर करंट बिछाने वाला गिरफ्तार:चपेट में आने से हुई थी ग्रामीण की मौत; 4 महीने बाद पुलिस ने हाईवे से दबोचा

बैतूल की कोतवाली पुलिस ने खेत की मेढ़ पर बिजली का नंगा तार बिछाकर ग्रामीण की जान लेने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना 4 महीने पहले 4 सितंबर 2025 की है, जब झाड़ेगांव के जंगल में मवेशी चराने गए एक ग्रामीण की करंट लगने से मौत हो गई थी। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी शिवचरण उपासे (51) को फोरलेन हाईवे पर कोसमी डैम के पास से पकड़ा। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है। झाड़ेगांव निवासी शिवलाल पन्द्रद्वाम ने पुलिस को बताया था कि उनका भाई सदन पन्द्रद्वाम 4 सितंबर 2025 को जंगल में मवेशी चराने गया था। इसी दौरान वह खेत की मेढ़ पर बिछाए गए बिजली के नंगे तार की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की थी। जांच में खुला राज, धारा 105 में केस दर्ज पुलिस जांच में सामने आया कि ग्राम भोगीतेड़ा निवासी शिवचरण उपासे ने झाड़ेगांव स्थित अपने खेत की मेढ़ पर खूंटी गाड़कर नंगा तार लगाया था और उसमें बिजली प्रवाहित कर दी थी। इसी लापरवाही के कारण सदन की जान गई। मर्ग जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 के तहत मामला दर्ज किया था। कोसमी डैम के पास से पकड़ाया घटना के बाद से पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कोतवाली पुलिस ने घेराबंदी कर फोरलेन हाईवे पर कोसमी डैम के पास से आरोपी शिवचरण उपासे (पुत्र नान्हू उपासे) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज पाल और उनकी टीम शामिल रही।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *