जिले के बमोरी तहसील अंतर्गत सिरसी थाना क्षेत्र के ग्राम डोंगरी में सार्वजनिक कार्यक्रम में बंदूक लहराते और हर्ष फायरिंग का वीडियो सामने आया है। यहां नाच गाने के बीच एक युवक बंदूक से हर्ष फायर करता हुआ दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार मामला डोंगरी गांव का है। गुरुवार रात यहां एक सार्वजनिक कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान का एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि सैकड़ों युवाओं की भीड़ के बीच संगीत की धुन पर डांस चल रहा है। इसी दौरान एक युवक हाथ में बंदूक लहराते हुए अचानक हवाई फायर कर देता है। चौंकाने वाली बात यह है कि जिस समय युवक ने गोली चलाई, ठीक उसी के पास एक अन्य युवक ने नाबालिग बच्चे को कंधे पर बैठा रखा था। हर्ष फायरिंग के दौरान जरा सी चूक किसी की जान ले सकती थी, लेकिन खुशकिस्मती से कोई हताहत नहीं हुआ। कानूनन किसी भी सार्वजनिक उत्सव या समारोह में हथियार का प्रदर्शन और फायरिंग करना पूरी तरह प्रतिबंधित है, इसके बावजूद डोंगरी गांव में नियमों की जमकर धज्जियां उड़ाई गईं। ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार बंदूक लहराते और फायर करने वाले का नाम रंजीत पिता का नाम बालसिंह भिलाला है। वह ग्राम पंचायत डोंगरी का निवासी है। ग्रामीणों का आरोप है कि सिरसी थाना क्षेत्र के अनतर्गत आने ग्राम डोंगरी के रहने वाले बदमाश रंजीत भिलाला ने सामाजिक कार्यक्रम में रात भर उसने अपनी बदमाशी दिखाई है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।


