मऊगंज के फुलहा गांव में लाखों की चोरी:सोते परिवार के घर से 5 लाख के जेवर, 70 हजार नकद चोरी

मऊगंज जिले के फुलहा गांव में शुक्रवार रात अज्ञात चोरों ने एक घर में सेंध लगाकर 5 लाख रुपये से अधिक के सोने-चांदी के जेवर और 70 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। घटना के वक्त परिवार के सदस्य घर में सो रहे थे और उन्हें चोरी की भनक तक नहीं लगी। फुलहा गांव निवासी सुखचैन प्रसाद तिवारी के घर में चोरों ने पीछे की ओर से सेंध लगाई। उन्होंने घर के कमरों की तलाशी ली और अलमारी, पेटियां तथा संदूक खोलकर सोने की मनचली, हार, झुमके, अंगूठियां समेत अन्य कीमती आभूषण और 70 हजार रुपये नकद चुरा लिए। चोरी गए जेवरात की अनुमानित कीमत 5 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। चोरी की वारदात को अंजाम देने से पहले चोरों ने पीड़ित के बड़े भाई राधा रमण तिवारी के पड़ोस में स्थित घर का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया था। इससे यह संकेत मिलता है कि चोरी पूरी योजना के तहत की गई थी, ताकि कोई मदद के लिए बाहर न निकल सके। सुबह घटना की जानकारी मिलने पर पीड़ित सुखचैन प्रसाद तिवारी ने लौर थाना पुलिस को सूचित किया। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और फिंगरप्रिंट सहित अन्य आवश्यक साक्ष्य जुटाए। शनिवार सुबह करीब 10 बजे परिजनों ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। लौर थाना प्रभारी राजेश पटेल ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि चोरों की जल्द पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *