उमरिया जिले के मानपुर थाना क्षेत्र में अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) के नाम पर रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। खुद को पत्रकार बताने वाले आरोपी दीपक शर्मा के खिलाफ पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है। इसकी जानकारी आज शनिवार को थाना प्रभारी ने दी है। घटना के बाद से आरोपी फरार है और मानपुर पुलिस उसकी तलाश कर रही है। आरोपी दीपक शर्मा ने जेसीबी से मिट्टी की खुदाई करने वाले संदीप पटेल को फोन पर कार्रवाई का भय दिखाकर धमकी दी। उसने एसडीएम मानपुर हरनीत कौर के नाम पर 20 हजार रुपए की मांग की थी। पीड़ित ने इस संबंध में मानपुर थाने में गुरुवार शिकायत दर्ज कराई है। थाना प्रभारी को कार्रवाई के निर्देश इस मामले में एक ऑडियो रिकॉर्डिंग भी सामने आई है, जिससे प्रकरण की गंभीरता बढ़ गई है। ऑडियो सामने आने के बाद एसडीएम मानपुर हरनीत कौर ने भी मामले का संज्ञान लिया। उन्होंने थाना प्रभारी मानपुर को गुरुवार को पत्र लिखकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। एसडीएम के पत्र और पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि आरोपी ने इससे पहले किन अन्य लोगों से संपर्क किया था और उनसे कितनी राशि की मांग की थी। गिरफ्तारी के लिए पुलिस की लगातार दबिश मानपुर थाना प्रभारी मुकेश मर्सकोले ने शनिवार को बताया कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि आरोपी फिलहाल फरार है, और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। थाना प्रभारी ने जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया।


