राजस्थान में रीट भर्ती परीक्षा के तहत शनिवार को थर्ड ग्रेड टीचर (लेवल 1) का पेपर हुआ। पेपर सुबह 10 बजे से शुरू हुआ, जो 12:30 बजे तक हुआ। सेंटर्स पर मेटल डिटेक्टर से जांच के बाद सुबह 8 से 9 बजे तक सभी को एंट्री मिली। उदयपुर में 110 सेंटर्स पर 96.71 फीसदी ने एग्जाम दिया। उदयपुर में 34,290 अभ्यर्थी रजिस्टर्ड थे। शहर के सभी परीक्षा केंद्रों पर रोल नंबर क्रॉस चेक करने के बाद सेंटर्स पर कड़ी जांच हुई। मेटल के बटन वाले कपड़ों, हाथ में बंधे धागे और गले की चेन को खुलवाने के बाद ही एंट्री मिली। चयन बोर्ड ने अभ्यर्थियों के लिए गर्म कपड़े पहनने की सुविधा दी है, इसके चलते सर्दी से परीक्षार्थियों को ज्यादा दिक्कतें नहीं आई। परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए इस बार फेस ऑथेंटिकेशन और सीसीटीवी निगरानी जैसी सख्त व्यवस्थाएं की गई थी। उदयपुर में 110 केंद्राधीक्षक और 177 पर्यवेक्षक(सुपरवाइजर) लगाए गए । हर सेंटर्स के एक-एक रूम में 24 अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था थी। कर्मचारी चयन बोर्ड के अनुसार 7759 वैकेंसी के लिए चार दिन एग्जाम होंगे। कल से तीन दिन लेवल-2 के लिए दो परियों में एग्जाम होगी। जबकि लेवल-1 की एग्जाम में राजस्थान में 2.41 लाख लोग परीक्षा के लिए रजिस्टर्ड थे। सेंटर्स के अंदर मोबाइल, ब्लूटूथ, स्मार्ट वॉच या किसी भी प्रकार का इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर सख्त मनाई थी। एग्जाम सेंटर्स के बाहर पेरेंट्स की भी भीड़ दिखी। वहीं पुलिसकर्मियों ने भी स्थिति को संभाले रखा। परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में छात्रों को कोई परेशानी न हो, इसके लिए परिवहन विभाग ने न केवल निशुल्क यात्रा की सुविधा दी है, बल्कि भारी भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त बसों का बेड़ा भी सड़कों पर उतार दिया है। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड अध्यक्ष आलोक राज ने बताया- कि शिक्षक भर्ती परीक्षा दो पारियों में आयोजित की जाएगी। शनिवार के बाद रविवार से लेवल – 2 की परीक्षाएं 20 जनवरी तक अलग-अलग दिनों में 2 पारियों में आयोजित होगी। कुल चार दिनों में कुल 9 लाख 54 हजार अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। इसके लिए 760 एग्जाम सेंटर बनाए गए हैं।


