धमतरी के मुजगहन में 4 युवाओं का सेना में चयन:ग्रामीणों ने बाजे-गाजे के साथ किया भव्य स्वागत, जश्न का माहौल

छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के ग्राम मुजगहन में चार युवाओं का भारतीय सुरक्षा बलों में चयन हुआ है। चयनित युवाओं का गांव में जोशीला स्वागत किया गया। ग्रामीणों ने बाजे-गाजे के साथ उनका सम्मान किया, आतिशबाजी की और आरती उतारी। इस दौरान ‘जय जवान, जय किसान’ के नारे भी लगाए गए। मुजगहन युवा ब्रिगेड टीम के देवेश साहू ने बताया कि समीर गोस्वामी का चयन असम राइफल्स में, सोमप्रकाश ध्रुव का बीएसएफ में, शेखर ध्रुव का सीआरपीएफ में और राहुल साहू का सीआईएसएफ में हुआ है। इन चारों युवाओं ने कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगन से यह सफलता हासिल की है। उनके निवास स्थान पर भव्य स्वागत-सम्मान के बाद उन्हें बाजे-गाजे के साथ पूरे गांव में भ्रमण कराया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में गांव के युवाओं ने भाग लेकर देशभक्ति का उत्साह दिखाया। ग्रामीणों और परिजनों ने चयनित युवाओं को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। चयनित युवाओं ने गांव के अन्य युवाओं को भी लगन से तैयारी कर देश सेवा में जाने के लिए प्रेरित किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *