खैरथल के राजकीय महाविद्यालय में ‘नई किरण नशामुक्ति अभियान’ के तीन दिवसीय कार्यक्रम और युवा दिवस के उपलक्ष्य में चल रहे साप्ताहिक कार्यक्रम का समापन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। ‘नई किरण’ अभियान के तहत विद्यार्थियों को शॉर्ट वीडियो के माध्यम से नशे के हानिकारक प्रभावों से अवगत करवाया गया। इसी क्रम में कॉलेज में नृत्य और गायन प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने अपनी प्रस्तुतियों से विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम सह प्रभारी राजवीर सिंह मीणा ने बताया कि नृत्य प्रतियोगिता में नेहा और कामिया ने प्रथम, भारती और खुशबू ने द्वितीय, जबकि रुचिका और जानवी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। गायन प्रतियोगिता में खुशी प्रथम, भारती द्वितीय और मुस्कान तृतीय स्थान पर रहीं। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. नीतू जेवरिया ने जानकारी दी कि सरकार द्वारा चलाए जा रहे नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम के तहत महाविद्यालय के विद्यार्थियों को नशा न करने की शपथ दिलाई गई। इसके साथ ही, विद्यार्थियों ने हस्ताक्षर अभियान में भी हिस्सा लेते हुए नशा न करने का संकल्प लिया। इसी अवसर पर युवा दिवस के उपलक्ष्य में चल रहे साप्ताहिक कार्यक्रम का भी समापन हुआ। डॉ. राहुल वर्मा ने विद्यार्थियों के साथ स्वामी विवेकानंद के व्यक्तित्व और उनके योगदान पर चर्चा की। कार्यक्रम संयोजक साक्षी जैन ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वामी विवेकानंद के जीवन से प्रेरणा लेने के लिए प्रोत्साहित करना था। कार्यक्रम का समापन सामूहिक राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस दौरान डॉ. दीपक अहलावत, डॉ. सरस्वती मीणा, स्टाफ सदस्य आशीष शर्मा, सौम्या बारेठ और विक्रम सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


