झालावाड़ पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अवैध MDMA (मेथिलेंडियोक्सी-मेथामफेटामाइन) फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। शनिवार को मिश्रोली थाना क्षेत्र में की गई इस कार्रवाई में मौके से 2 किलो MDMA और भारी मात्रा में उसके निर्माण में प्रयुक्त सामग्री जब्त की गई। यह अवैध धंधा पशुपालन और खेती की आड़ में किया जा रहा था। पुलिस ने फैक्ट्री से 130 लीटर केमिकल, MDMA बनाने में इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल, उपकरण और अन्य सामग्री बरामद की। जब्त किए गए मादक पदार्थ और केमिकल की अनुमानित कीमत करीब 25 करोड़ रुपए बताई जा रही है। जब्त केमिकल से लगभग 13 किलो MDMA बनाने की तैयारी थी। यह अवैध फैक्ट्री पशुपालन और खेती की आड़ में संचालित की जा रही थी। यह संयुक्त कार्रवाई मिश्रोली और भवानीमंडी थाना पुलिस की टीमों द्वारा की गई। पुलिस ने मौके से एक कार और एक बजाज पल्सर बाइक भी जब्त की है, जिनका उपयोग मादक पदार्थों के परिवहन के लिए किया जा रहा था। इस मामले में गोपाल सिंह, दिनेश सिंह और नरेंद्र सिंह मौके से फरार हो गए। तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने तीनों पर 25-25 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया है। जिला पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और निर्माण के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत यह बड़ी सफलता मिली है। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच जारी है।


