पन्ना जिले के अमानगंज थाना क्षेत्र के नयागांव मौहार में अज्ञात चोरों ने एक चरवाहे के बाड़े से 15 बकरी और बकरे चुरा लिए। इस घटना से पीड़ित परिवार को लगभग 80 हजार रुपए का आर्थिक नुकसान हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। नयागांव मौहार निवासी अखिलेश प्रजापति (24) ने बताया कि वह बकरी पालन और मजदूरी कर जीवन यापन करते हैं। 15 जनवरी की शाम उन्होंने अपने 42 मवेशियों (36 बकरी और 6 बकरे) को बाड़े में बंद किया था। 16 जनवरी की तड़के सुबह करीब 3 बजे जब अखिलेश बाड़े में पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि पीछे की दीवार टूटी हुई थी और 10 बकरियां तथा 5 बकरे गायब थे। थाने पहुंचा फरियादी बकरियों का पता न चलने पर पीड़ित ने शनिवार को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। चोरी हुए मवेशियों की कुल कीमत लगभग 80,000 रुपए बताई गई है। अमानगंज पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 303(2) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि संदिग्धों की तलाश जारी है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


